मेरठ। थाना सरधना क्षेत्र के गांव सलावा में दलित बस्तियों में अज्ञात युवकों ने देर रात हमला कर दिया। लाठी डंडों से लैस युवकों ने घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दलित युवकों और महिलाओं को भी अपना निशाना बनाया। इसको संगीत सोम के चुनाव की हार से जोड़कर देखा जा रहा है। दलितों का आरोप है कि भाजपा विधायक(BJP MLA) संगीत सोम के चुनाव हार जाने का कारण उनको माना जा रहा है। इसलिए ही उनके घरों में रात में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित दलितों से बात कर मामले की जानकारी ली।
मामला देर रात का है,पीडितों के अनुसार वे गांव सलावा की दलित बस्तियों में रहते हैं। देर रात उनकी बस्तियों में अज्ञात युवकों ने धारदार हथियार और लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमलावर युवक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर भददी गालियां दे रहे थे। युवकेां ने घरों में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं युवकों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। घरों में कीमती सामान को तोड़फोड़ दिया गया। बताया जाता है कि भाजपा विधायक के चुनाव हारने से नाराज उनके समर्थकों ने यह हमला किया। दलितों ने बताया कि मतदान के दिन भी उनको वोट डालने से रोका गया था। इस मामले में एक दलित बुजुर्ग ने वोट डालने की कोशिश की तो उसको मारपीट कर घायल कर दिया गया था। इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज है।

