चुनावी दौर में सभी प्रकार के तीर सियासी दलों और उनके स्टार प्रचारकों द्वारा दागे जा रहे हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी मतदाताओं की भावनाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं तो गृहमंत्री अमित शाह जात और माफियावाद का वार कर सपा और अखिलेश यादव को निशाना बना रहे हैं। अमित शाह धारा 370 और काश्मीर के मसले पर भी पूर्व सरकारों को घेर रहे हैं।
मेरठ। यूपी चुनावी दंगल 2022 – पश्चिमी उप्र के चुनावी प्रचार के लिए अब चंद दिन ही बचे हैं। ऐसे में सभी राजनैतिक दलों ने जनसंपर्क के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। उप्र के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उप्र के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होना है। इनमें मेरठ मंडल के जिले शामिल है। बुलंदशहर जिले में चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। दोनों ने ही मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने तरीके से भाषणबाजी की। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मतदाताओं को लुभाने के लिए भावनाओं का सहारा लिया। उन्होंने इस दौरान सिकंदराबाद कस्बे में पैदल ही घर—घर जाकर जनसंपर्क किया। प्रियंका गांधी को इस दौरान जहां बच्चे और महिलाएं मिली उनसे गर्मजोशी से मिली और हाथ मिलाया। इस दौरान उन्होंने कोरोना प्रोटोकाल को भी दरकिनार कर दिया। वहीं रास्ते में भी वे अपनी गाडी रोक—रोककर महिलाओं से मिलती और उनकी परेशानियों को पूछती थी। सिकंदराबाद से जहांगीराबाद जाते समय उन्होंने सड़क पर कई बार अपनी गाडी रूकवाई और महिलाओं बच्चों से बात की। इस दौरान कहीं भी ये नहीं लगा कि प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए निकली है। जिन महिलाओं और बच्चों से वो सड़क पर मिली उनसे चुनाव की बात नहीं की और न उन्हें कांग्रेस के लिए वोट देने के लिए कहा। हां जहां उन्होंने जनसंपर्क किया वहां पर कांग्रेस के लिए वोट देने की अपील जरूर की।
Read also: यूपी विधानसभा चुनाव : कई दलों के 25 फीसदी उम्मीदवारों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
सधी भाषणशैली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चलाए सियासी तीर :
वहीं दूसरी ओर इसी जिले में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अनूपशहर में सधी भाषणशैली में जमकर सियासी तीर चलाए। उन्होंने जहां इस बार फिर से चुनाव बाद प्रदेश में दो तिहाई बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनने की बात कहीं वहीं दूसरी ओर पूर्व की सरकारों में माफियावाद,कानून व्यवस्था,धारा 370,काश्मीर में आतंकवार पर भी नाकामी की बात कही।

