लखनऊ। यूपी चुनावी दंगल 2022 – समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव मैनपुरी करहल विधानसभा से ताल ठोंक रहे हैं। इस बीच सपा की ओर से 24 और प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। जिसमें आजमगढ़ की मुबारकपुर सीट से भी अखिलेश यादव का नाम सामने आया है। गौरतलब है कि अखिलेश यादव के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं। इस बीच नई सूची में उनका नाम आने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है कि क्या अखिलेश यादव दो सीटों से मैदान में उतरेंगे। इसकी सूचना के बाद सियासी तापमान चढ़ गया है। लेकिन, इस नाम के पीछे सच्चाई कुछ और ही है।
इस लिस्ट की सच्चाई यह है कि अखिलेश यादव स्थानीय नेता हैं और दो बार विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
गौरतलब है कि मुबारकपुर सीट पर लगातार बसपा का कब्जा रहा है। यहां पर 2012 विधानसभा के चुनाव में बसपा के अरशद जमाल उर्फ गुड्डू जमाली के सामने सपा ने अखिलेश यादव को चुनावी मैदान में उतारा था। लेकिन, उन्हें तब 08 हजार 566 मतों से हार देखनी पड़ी थी। उसके बाद 2017 के चुनाव में भी गुड्डु जमाली के ही हाथों अखिलेश यादव को 688 वोटों से पराजय का सामना करना पड़ा था। एक बार फिर सपा मुखिया ने उन पर ही भरोसा जताया है। गौरतलब है कि इस बार सियासी समीकरण यहां उलट चुके हैं, क्योंकि गुड्डू जमाली भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। हालांकि बसपा ने अपने पुराने फॉर्मूले पर काम करते हुए मुस्लिम प्रत्याशी ही मैदान में उतारा है।
Read also: अखिलेश यादव को चुनाव हराने के लिए एसपी सिंह बघेल को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार – अर्जुन राम मेघवाल
ये है 24 प्रत्याशियों की सूची
सपा ने प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज से सौरभ सिंह, रानीगंज से आर के वर्मा, प्रयागराज के फाफामऊ से अंसार अहमद, गोंडा के मेहनौन से नन्दिता शुक्ला, तरबगंज से रामजनम चौबे, मनकापुर सुरक्षित सीट से रमेश चंद्र गौतम, गौरा से संजय कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा बस्ती की हरैया से त्रियंबक पाठक, संतकबीरनगर की मेंहदावल से जयराम पांडेय, खलीलाबाद से अब्दुल कलाम, महाराजगंज की नौतनवा से कुंवर कौशल सिंह, सिसवां से सुशील टेबराल, पनियरा से कृष्णभान सिंह सैंथवार, गोरखपुर शहर से सीएम योगी के खिलाफ सभावती शुक्ला, कुशीनगर की पडरौना से विक्रमा यादव, देवरिया की रुद्रपुर से प्रदीप यादव, आजमगढ़ की सगड़ी से डॉ एच एन पटेल और मुबारकपुर से अखिलेश यादव को मौका दिया है। मऊ की मोहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित सीट से अपने पुरानी प्रत्याशी और पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान पर फिर भरोसा जताया है। वहीं बलिया नगर से भाजपा के दयाशंकर सिंह के खिलाफ कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री नारद राय, जौनपुर की मड़ियाहूं से सुषमा पटेल, वाराणसी की वाराणसी दक्षिण से किशन दीक्षित, सेवापुरी से सुरेंद्र सिंह पटेल और मिर्जापुर की छानबे सुरक्षित सीट से क्रीति कोल को मौका दिया गया है।

