Site icon Buziness Bytes Hindi

UP Education: माध्यमिक स्कूलों में लगेंगे समर कैम्प, विभाग कर रहा है तैयारी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद अब नये कलेवर में रंगने को तैयार है, जहाँ इस बार 2022-23 के अकादमिक कैलेंडर की घोषणा पहले ही कर दी गयी है। वहीं अब माध्यमिक स्कूलों में प्राइवेट स्कूल की भाँति गर्मियों में समर कैंप व क्लासेज का आयोजन किया जायेगा, जहाँ 20 मई के बाद इसकी तिथि निर्धारित की गयी है।

इसके साथ ही बालिका सुरक्षा को लेकर भी विभाग गंभीर दिख रहा है, जहाँ अब इनकी सुरक्षा के मद्देनजर हर माह बैठक का आयोजन किया जायेगा।  वहीं जारी कैलेंडर के अनुसार पठन-पाठन, खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि गतिविधियों को अब बढ़ाया जायेगा, इसके साथ ही स्कूल बंद होने पर विभिन्न कलाओं और क्षमताओं हेतु छात्रों का उत्साहवर्धन किया जायेगा। वहीं छुट्टियों के दौरान छात्रों को नृत्य, गीत, चित्रकला, खेल, नाटक आदि को प्रशिक्षक सिखायेंगे, इसके लिये माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकान्त शुक्ल ने आदेश जारी कर दिये हैं।

इसके साथ ही बालिका सुरक्षा के मद्देनजर माध्यमिक स्कूलों में मिशन शक्ति के अंतर्गत शक्ति मंच बनाये जायेंगे, जहाँ बेटियों को सुरक्षा, सम्मान, स्वालम्बन का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके साथ ही इस गठित शक्ति मंच की बैठक हर माह होगी, जिसमें बालिकाओं की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा होगी, साथ ही नाटक, लेखन, कहानी आदि के माध्यम से बालिकाओं को और सशक्त बनाया जायेगा।

Exit mobile version