एक समय तो थोड़ी घबराहट होने लगी थी मगर अंत भला तो सब भला। रांची टेस्ट 5 विकेट से जीतकर टीम इंडिया को अब पांच मैचों की शृंखला में 3-1 से अपराजेय बढ़त हासिल हो गयी है. मैन ऑफ़ दि मैच ध्रुव जुरेल पहली पारी की तरह एकबार फिर संकटमोचक बने और शुभमन गिल के साथ छठे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी करके किसी अनहोनी को होने से टाल दिया वरना बशीर ने तो आपने वादे के मुताबिक काम करना शुरू कर दिया था और पाटीदार, जडेजा और सरफ़राज़ के विकेट चटपट निकालकर मैच में इंग्लैंड को वापस ले आये थे.
रोहित और यशस्वी ने कल के 40 रनों के स्कोर में आज 44 रन और जोड़े। यहाँ तक सबकुछ भारत के फेवर में चल रहा था मगर 84 के स्कोर पर जो रुट ने यशस्वी को 37 के स्कोर पर आउट करके विकटों का जो सिलसिला शुरू किया वो 120 तक पहुँचते पहुँचते 5 विकेट तक पहुँच गया. सिर्फ 36 रनों में भारत के पांच विकेट आउट हो गए और टीम पर संकट के बादल मंडराने लगे. रोहित शर्मा ने 55 रनों की पारी खेली मगर रजत पाटीदार का फ्लॉप शो जारी रहा , वो शून्य पर आउट हुए. जडेजा भी पहली पारी की तरह नाकाम रहे और सिर्फ चार रनों पर ही पवेलियन लौट गए। सरफ़राज़ ने अपनी चौथी टेस्ट पारी में शून्य का स्वाद चखा. शोएब बशीर इस वक्त बहुत खतरनाक दिख रहे थे. वहीँ शुभमन गिल एक तरफ का छोर संभाले हुए थे, उन्हें ज़रुरत थी एक ऐसे साथी की जो उनके साथ खड़ा हो सके।
शुभमन और टीम के लिए ये काम यूपी के छोकरे ने किया। जुरेल ने दूसरा सिरा संभाल लिया और फिर एक अविजित और मैच जिताऊ साझेदारी शुरू हुई जो अंत तक नाबाद रही. पहली पारी में 90 रनों की सबसे महत्वपूर्ण पारी खेलने वाले जुरेल ने दूसरी पारी में उससे भी महत्वपूर्ण 39 रनों की नाबाद पारी खेली। जुरेल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैच का खिलाड़ी घोषित किया गया. वहीँ इंग्लैंड के स्पिनर्स विशेषकर शोएब बशीर की भी तारीफ करनी होगी जिन्होंने दोनों ही पारियों भारतीय बल्लेबाज़ों का कड़ा इम्तेहान लिया। शोएब ने पहली पारी में पंजा लगाया था और दूसरी पारी में भी ताबड़तोड़ तीन विकेट चटकाकर भारतीय खेमे में हड़बड़ी मचा दी थी.
पांचवां टेस्ट धर्मशाला मे 7 मार्च से खेला जायेगा, दोनों ही टीमों के पास एक हफ्ता से ज़्यादा तैयारी का समय है। भारत शृंखला जीत चुका है, अंतिम टेस्ट जीतकर वो स्कोर को 4-1 करना चाहेगा वहीँ इंग्लैंड की कोशिश होगी कि हार के अंतर को कम करे. टीम इंडिया के मैनेजमेंट को रजत पाटीदार के बारे में सोचना होगा।