मेरठ। काफी इंतजार के बाद आज उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की यूपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया। इस बार भी पूर्व के सालों की तरह छात्राओं का दबदबा है। यूपी बोर्ड द्वारा जारी किए नतीजों के अनुसार इस बार 10वीं में कुल 88.18 प्रतिशत छात्र—छात्राएं पास हुए हैं। इनमें लड़कियों का औसत 91.69 प्रतिशत है। जबकि लड़कों का पास औसत 83.25 प्रतिशत रहा। यानी लड़कों से 6.44 प्रतिशत अधिक छात्राएं 10 वीं की परीक्षा में उर्तीण हुई हैं। पूरे प्रदेश में कानपुर के प्रिंस पटले ने बाजी मारी है। प्रिंस पटेल ने पूरे प्रदेश में टाप किया है। प्रिंस पटेल अनुभव इंटर कॉलेज मुरलीपुर कानपुर के छात्र हैं। अनुभव इंटर कालेज के छात्र प्रिंस पटेल ने हाईस्कूल परीक्षा में 600 में से 586 अंक हासिल किए हैं। जो कि पूरे राज्य में किसी भी 10 वीं छात्र के सबसे अधिक बताए जा रहे हैं।
यूपी बोर्ड कार्यालय मेरठ रीजन के चार मंडलों मेरठ, अलीगढ, सहारनपुर और आगरा के 14 जिलों में इस बार 10 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। यूपी बोर्ड मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय के अन्तर्गत इस बार 10,32,971 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें 9,38,539 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से कक्षा 10 के 5,58,660 परीक्षार्थी में से 54,709 परीक्षार्थी शामिल हुए और कक्षा 12 के 4,74,311 परीक्षार्थियों में से कुल 39,723 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यूपी बोर्ड परीक्षा के आज आए परीक्षा परिणाम में मेरठ परिक्षेत्र के अंतर्गत सभी जिलों का मिलाकर 94,432 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहकर फेल हो चुके हैं।
