Site icon Buziness Bytes Hindi

यूपी: चुनाव की तारीखों का ऐलान, आचार-संहिता लगते ही डिजिटल प्रचार हुए शुरु


यूपी: चुनाव की तारीखों का ऐलान, आचार-संहिता लगते ही डिजिटल प्रचार हुए शुरु

लखनऊ। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में चुनावी तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनावी रूप से सबसे महत्वपूर्ण माने जा रहे उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर सभी सियासी दलों ने अपनी तैयारियों को अंजाम देना भी शुरू कर दिया है। तारीखों के ऐलान के बाद आचार संहिता लगाई जा चुकी है, ऐसे में राजनीतिक दल अब होर्डिंग-बैनर आदि का प्रयोग नहीं कर सकते हैं। साथ ही कोरोना की परिस्थितियों को देखते हुए पहले से ही रैलियों पर भी पाबंदियां लग गई थीं। इन सारे घटनाक्रमों के बीच लगभग सभी राजनीतिक दलों के आईटी सेल अब सक्रिय हो गए हैं। शनिवार को तारीखों की घोषणा होते ही भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस आदि ने डिजिटल प्रचार प्रसार भी शुरू कर दिया है। इन प्रचार प्रसार में विरोधी दलों पर प्रहार के साथ नए स्लोगन भी दिये गए हैं।

यूपी भाजपा ने कहा- आएगी तो भाजपा ही…

सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने एक पोस्टर ट्विट किया जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगी हुई है और उसमें लिखा है फिर एक बार भाजपा सरकार… इसके अलावा यूपी सातों चरणों की तारीखों का जिक्र किया गया है। वहीं इसका कैप्शन लिखा गया है कि आएगी तो भाजपा ही… वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश के चुनाव की तिथियों का स्वागत। भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी।

Read also: सभी 5 राज्यों में 5 चरणों में होगा मतदान: चुनाव आयोग

अखिलेश ने कहा- 10 मार्च को बदलाव होगा…

चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के ऐलान के बाद अखिलेश ने अपने ट्वीटर अकाउंट से लिखा कि ’10 मार्च को बदलाव होगा, उत्तर प्रदेश में बदलाव होगा’… गौरतलब है कि 10 मार्च को चुनावी परिणामों का ऐलान किया जाएगा। वहीं समाजवादी पार्टी ने एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्रों एवं नौजवानों को लैपटॉप देंगे… इसका ऐलान अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में भी कर चुके हैं।

बसपा ने लिखा- 10 मार्च-सब साफ…

मीडिया और सोशल मीडिया से दूरी बनाने वाली बसपा भी इस बार खूब एक्टिव है। मायावती लगातार ट्वीटर के माध्यम से अपनी बातें रख रहीं हैं। हालांकि तारीखों के ऐलान के बाद मायावती ने एक के बाद एक चार ट्वीट कर अपनी बात कही है लेकिन इसमें वो अपने कार्यकर्ताओं को ही दिशा-निर्देश दे रहीं हैं। साथ ही विरोधियों के हथकंडों की बात कर रहीं हैं। लेकिन, बसपा में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले राज्यसभा सांसद सतीश मिश्र ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से एक पोस्टर लिखा है। जिस पर लिखा है कि 10 मार्च-सब साफ… बहनजी हैं यूपी की आस… इसका कैप्शन लिखा गया है- यूपी तैयार है, हम तैयार हैं, परिवर्तन तय है, बसपा की विजय तय है…

यूपी कांग्रेस ने कहा- आ रही है कांग्रेस…

यूपी कांग्रेस ने भी प्रियंका गांधी की फोटो को शेयर करते हुए लिखा है कि- जन-जन फैला संदेश, आ रही है कांग्रेस… इस पोस्टर से साफ हो गया है कि यूपी में कांग्रेस अब प्रियंका के ही चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस ने #AaRahiHaiCongress हैशटैग का प्रयोग किया है। इसके अलावा एक ट्वीट पिन किया है जिसमें लिखा गया है- जन-गण-मन को हम जिंदाबाद रखेंगे, वो लड़ाई होगी कि सब याद रखेंगे…

Read also: कोविड-19 के संदेह के चलते प्रियंका गांधी वाड्रा हुईं आइसोलेट

समर्थक भी जुटे

तारीखों की जैसे ही घोषणा हुई, वैसे ही सोशल मीडिया पर राजनीतिक दलों के समर्थक भी जुट गए। अपने-अपने राजनैतिक दलों के समर्थन में लिखने के साथ वे विपक्षी दलों पर भी खूब वार कर रहे हैं। समर्थक और नेता खुद पोस्टर-बैनर के जरिए अपनी बातें रख रहे हैं।

Exit mobile version