देहरादून। उत्तराखंड में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। नवंबर की तुलना में दिसंबर 2022 में राज्य की बेरोजगारी दर में तीन प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उत्तराखंड में बेरोजगारी दर नवंबर 2022 में 1.2 प्रतिशत थी, जो दिसंबर में 4.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
उत्तराखंड के ऊपर सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के हाल में जारी बेरोजगारी दर के आंकड़ों में खुलासा हुआ है। सर्दियों में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में आई गिरावट की वजह से बेरोजगारी दर काफी तेजी से बढ़ी है।
आंकड़ों के अनुसार सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्यों में उत्तराखंड देशभर में नौंवे स्थान पर ही पहुंचा है। हालांकि उत्तराखंड की बेरोजगारी दर राष्ट्रीय बेरोजगारी दर 8.3 प्रतिशत से काफी कम रही है। सबसे कम बेरोजगारी दर उड़ीसा में 0.9 प्रतिशत और सबसे अधिक हरियाणा की 37.4 प्रतिशत आंकी गई है।
सीएमआईई के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में साल 2022 के दौरान सबसे कम बेरोजगारी दर सितंबर 2022 में 0.5 प्रतिशत रही थी। जबकि सबसे अधिक बेरोजगारी दर जून में 8.7 प्रतिशत रही है।
बेरोजगारी दर इन राज्यों की उत्तराखंड से कम
उड़ीसा में 0.9 प्रतिशत, गुजरात में 2.3 प्रतिशत, कर्नाटक में 2.5 प्रतिशत, मेघालय में 2.7 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 3.1 प्रतिशत में, मध्यप्रदेश में 3.2 प्रतिशत, तमिलनाडु में 4.1 प्रतिशत और तेलंगाना में 4.1 प्रतिशत रही है।
