Site icon Buziness Bytes Hindi

UKSSSC Paper Leak Case: पेपर लीक मामले में उत्तराखंड में बवाल, सड़कों पर उतरे युवाओं ने किया प्रदर्शन

देहरादून पेपर लीक और विधानसभा में अवैध तरीके से हुई नियुक्तियों को लेकर अब उत्तराखंड में बवाल शुरू हो गया है। युवाओं में इस धांधली को लेकर आक्रोश है। आज युवाओं ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर टिहरी और चमोली में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। नई टिहरी में बुराड़ी से लेकर कलेक्ट्रेट तक युवाओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे युवकों और युवतियों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शनकारी युवाओं ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। चमोली में यूकेएसएसएससी और विधानसभा के साथ विभिन्न विभागों में बैक डोर से हुई भर्तियों में सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज चमोली मुख्यालय में छात्रों और बेरोजगार युवाओं ने सैकड़ों की संख्या में विशाल रैली निकाली।

गोपीनाथ मंदिर परिसर से जिलाधिकारी कार्यालय तक बेरोजगार छात्रों ने रैली निकाली। छात्रों ने प्रदेश में भर्तियों में गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपनी पीठ थपथपा रही हो लेकिन एसटीएफ उत्तराखंड भ्रष्टाचारियों तक नहीं पहुंच पाएगी जो मूल रूप से इस पूरे खेल की साजिश में शामिल हैं।  युवाओं ने कहा कि अगर प्रदेश भाजपा सरकार उत्तराखंड में युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर होती तो इन भर्तियों में इतनी गड़बड़ियां नहीं होती।
वहीं सरकारी नौकरियों की भर्ती में घपलों से राज्य आंदोलनकारी काफी आहत हैं। उनका कहना है कि घोटालों के लिए उन्होंने उत्तराखंड के लिए संघर्ष नहीं किया था। उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड अलग होगा तो पहाड़ी राज्य का विकास होगा। लेकिन यहां तो राज्य में भ्रष्टाचार का विकास हो रहा है।

Exit mobile version