Site icon Buziness Bytes Hindi

Ukraine Warning: यूक्रेन ने दी विकिरण तबाही की चेतावनी, अंतिम रिएक्टर भी किया बंद

कीव। यूक्रेन राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जपोरिझिया परमाणु संयंत्र में विकिरण से तबाही की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि यहां रूसी सेना द्वारा की जा रही गोलाबारी के चलते अंतिम रूप से संयंत्र में काम कर रहा रिएक्टर बंद कर दिया गया है।  संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी टीम यानी आईएईए क्षेत्र के हालात का आंकलन करने के बाद अब परमाणु संयंत्र के आसपास सुरक्षा क्षेत्र की मांग कर रही है। यूक्रेन और रूस दोनों देश इस संयंत्र के आसपास बमबारी को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए इसे बेहद खतरनाक बता चुके हैं। बता दें कि इस परमाणु संयंत्र को रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर किए हमले के बाद कब्जे में लिया था लेकिन इसमें काम यूूक्रेनी कर्मचारी कर रहे हैं। सरकारी कंपनी एनर्गाेतोम ने बताया कि बिजली इकाई (रिएक्टर) नंबर-6 को अनलोड कर ग्रिड से काट दिया है। संयंत्र में लगे छह रिएक्टरों में से अंतिम इकाई काम कर रही थी जिसे अब बंद कर दिया है।

जपोरिझिया परमाणु संयंत्र में दो हफ्ते में दूसरी बार बिजली को काटा गया है। इसे लेकर यूक्रेन ने जहां रूस पर क्षेत्र को परमाणु तबाही के कगार पर धकेलने का आरोप लगाया है वहीं रूस फिलहाल आईएईए टीम की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में दी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। दोनों ही देश एक-दूसरे पर क्षेत्र में एटमी तबाही का आरोप लगा रहे हैं। उधर, जेलेंस्की का कहना है कि रूस इस बात की परवाह नहीं करेगा कि आईएईए क्या कहेगा। वह यहां पर बड़े हमले जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अधिक गोलाबारी से क्षेत्र में परमाणु विकरण की आशंका बढ़ेगी।

रूसी मिसाइल हमले में खारकीव क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला सहित तीन लोग मारे गए हैं। क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने टेलीग्राम एप पर मरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक जिले में एक दो मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और एक निजी आवासीय भवन हमले में पूरी तरह से तबाह हो गया है। इसमें रहने वाली वृद्धा की मौत हो गई है। इसके अलावा खारकीव के उत्तर में जोलोचिव गांव में रूसी गोलाबारी में दो अन्य लोगों की मौत हो गई है।

Exit mobile version