एनकाउंटर की दहशत में पत्नी ने कोर्ट में लगाई याचिका
योगी सरकार के ऑपरेशन क्लीन का बदमाशों में जबरदस्त खौफ है। कुख्यात विकास के एनकाउंटर के बाद अन्य बदमाशों को भी मौत का खतरा सताने लगा है। इनमें पश्चिम के कई बदमाश शामिल हैं। अब आपरेशन क्लीन से खौफ खायी कुख्यात उधम सिंह की पत्नी ने जेल में बंद अपने पति के एनकाउंटर होने का डर जताकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली है। उधम सिंह इन दिनों आजमगढ़ जेल में बंद है। शासन ने टॉप अपराधियों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें ऊधम का भी नाम है। ऊधम की पत्नी ने आशंका जताई है कि पेशी के दौरान पुलिस उसे फरार दर्शाकर एनकाउंटर कर सकती है।
सरूरपुर क्षेत्र के गांव करनावल की पुष्पा देवी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की करते हुए साथ ही एक शिकायत पत्र एसएसपी मेरठ को भेजा है। पुष्पा देवी कुख्यात उधम सिंह की पहली पत्नी है। पुष्पा का कहना है कि विकास दुबे को एनकाउंटर में मार गिराने के बाद ऑपरेशन क्लीन के अंतर्गत पुलिस ने 25 बदमाशों की सूची तैयार की है, उसमें उधम सिंह का नाम भी शामिल है। पुष्पा देवी ने आशंका जताई कि कस्टडी के दौरान पुलिस उधम सिंह को मुठभेड़ में मार सकती है। पुष्पा देवी का आरोप है कि 2019 में आजमगढ़ जेल से पेशी पर आए ऊधम सिंह कि कचहरी में घेराबंदी की गई थी।
इसके बाद किठौर में उधम को ले जा रहे ब्रज वाहन पर हमला हुआ था। पुलिस चाहती थी कि ऊधम सिंह भागने का प्रयास करें, ताकि उसे एनकाउंटर में मार सके। हालांकि एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि अभी तक ऊधम सिंह की पत्नी की ओर से कोई पत्र नहीं मिला है। ज्ञात है कि पश्चिम में कुख्यात उधम पर हत्या, रंगदारी और जानलेवा हमले के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में गाजियाबाद में कचहरी में पेशी के समय भी उधम सिंह पर फायरिंग कर दी गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बचा था। इस समय वह आजमगढ़ जेल में बंद है।
पिछले साल उसे जब मेरठ कोर्ट में पेशी के बाद कचहरी से वज्र वाहन से आजमगढ़ के लिए ले जाया जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वज्र वाहन किठौर में पहुंचा, तो वज्र वाहन पर हमला किया गया था। गौरतलब है कि कुख्यात योगेश भदौड़ा से दुश्मनी के चलते दोनों मेरठ पुलिस के लिए हमेशा सिरदर्द बने रहे हैं और दोनों जेल में बंद है। समय-समय पर दोनों कुख्यातों पर जेल से अपना गैंग चलाने के आरोप लगते रहे हैं।

