Site icon Buziness Bytes Hindi

Russian Tourists Death: 15 दिन में तीन रूसियों की संदिग्ध मृत्यु से गहराया रहस्य, आज भी एक नागरिक की मौत

Russian Tourists Death

कटक। ओडिशा में रूसी नागरिकों की संदिग्ध मौतों का मामला नहीं रूक रहा है। आज मंगलवार को एक और रूसी नागरिक मृत मिला है। राज्य में पिछले 15 दिन में तीसरी ऐसी घटना है जिसमें रूसी नागरिक की मौत हुई है।

आज मंगलवार को ओडिशा के जगतसिंहपुर के पारादीप बंदरगाह में डेरा डाले जहाज में रूसी नागरिक मृत पाया गया। उसकी पहचान मिल्याकोव सर्गेई के रूप में हुई है। 51 साल का सर्गेई जहाज ‘एम बी अलदना’ का मुख्य इंजीनियर बताया गया है। जहाज बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह से पारादीप के रास्ते मुंबई की यात्रा पर था।

मंगलवार सुबह 4.30 बजे सर्गेई जहाज में अपने चेंबर में मृत मिला। पारादीप पुलिस ने बताया कि मौत का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। पारादीप पोर्ट ट्रस्ट के चेयरमैन पीएल हरानंद ने रूसी इंजीनियर की जहाज में मौत की पुष्टि की है। मामले की जांच चल रही है।

बता दें कि इससे पहले भी दो रूसी पर्यटकों की दक्षिणी ओडिशा के रायगढ़ में रहस्यमयी मौत हुई थी। इनमें से एक रूसी सांसद पावेल एंटोव थे और दूसरा उनका मित्र व्लादिमीर बिडेनोव था। पावेल की मौत 24 दिसंबर को और बिडेनोव की 22 दिसंबर को हुई। पावेल की मौत होटल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने से हुई। जबकि मित्र बिडेनोव दो दिन पहले इसी होटल में अपने कमरे में मृत पाए गए थे। ओडिशा पुलिस मामलों की जांच कर रही है।

इन दोनों मौतों के मामलों की जांच ओडिशा पुलिस कर रही है। इसमें इंटरपोल की भी मदद लेने पर विचार चल रहा है। बताया गया है कि सांसद पावेल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रखर आलोचक थे। जांच में रूसी दूतावास से भी मदद मांगी गई है।

Exit mobile version