शिमला। प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले नूरपुर पुलिस ने आज शनिवार को चेक पोस्ट डमटाल तोकी में चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी से दो करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद नकदी लेकर गाड़ी सवार युवकों से जब पूछताछ की गई तो दोनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर ली है। आशंका जताई जा रही है कि रुपया विधानसभा चुनाव में उपयोग के लिए ले जाया जा रहा था। एसएचओ डमटाल कल्याण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस रुपयों की गिनती कर रही है। उन्होंने बताया कि जालंधर की तरफ से डमटाल की ओर आ रही कार में सवार आरोपी युवक हर्षित और ढिल्लो से पुलिस पूछताछ कर रही है।
अभी तक यह नहीं पता चल सका कि रुपया कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इस रुपये को चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए ले जाया जा रहा था। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी रुपया लेकर चंडीगढ़ से जम्मू जा रहे थे। उनका प्रापर्टी का काम है। उन्होंने अपनी प्रापर्टी बेची है। जिसका कैश लेकर वो गाड़ी में जा रहे थे। फिलहाल आरोपी कोई ठोस दस्तावेज भी नहीं पेश कर पाए हैं। नकदी को कोषागार में जमा करवाने की तैयारी है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन इस मामले में अपने स्तर पर जांच करेगा।
इसके अलावा आज शनिवार को सिरमौर के गोबिंदघाट बैरियर पर हरियाणा की गाड़ी से 8.52 लाख रुपये की नकद बरामद हुई है। गोबिंदघाट बैरियर पर पांवटा साहिब पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने आज शनिवार को हरियाणा नंबर की कार एचआर02 एएफ-1200 से 8,52,000 रुपये की नकदी बरामद की है। वाहन चालक नकदी के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया है।

