न्यूयार्क। दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर के पूर्व सुरक्षा अधिकारी व व्हिसलब्लोअर पीटर जाटको ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ट्विटर पर अमेरिकी नियामकों को फर्जी खातों, हैकरों के खिलाफ सुरक्षा को लेकर गुमराह करने का आरोप लगाया। पीटर ने अपने 84 पन्नों की शिकायत में कहा कि ट्विटर ने यूजर्स की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का दावा झूठा किया था। अमेरिकी प्रतिभूति-विनिमय आयोग के संघीय व्यापार आयोग और न्याय विभाग में दर्ज शिकायत में जाटकों ने ट्विटर पर स्वचालित बॉट्स की संख्या कम बताने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कंपनी फर्जी खातों व बॉट्स से निपटने के मुकाबले अपने यूजर्स बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। सुरक्षा जोखिम में लापरवाही करके यूजर्स की संख्या बढ़ाकर ट्विटर अधिकारी लाखों डॉलर का बोनस कमा रहे हैं।
व्हिसलब्लोअर पीटर जाटको की शिकायत से टेस्ला मालिक एलन मस्क की ट्विटर खरीद समझौता तोड़ने की योजना को दम मिला है। वो लंबे समय से कंपनी को फर्जी खातों की सही संख्या न बताने को लेकर घेर रहे हैं। मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर खरीदने की डील को फर्जी खातों को आधार बनाकर रद्द कर दिया था। जिसके बाद दोनों पक्ष अदालत पहुंच गए। अब 17 अक्तूबर को इस मामले में मुकदमा शुरू होगा। कॉरपोरेट कानूनविदों के अनुसार जाटको के दावे के बाद मस्क अब ट्विटर को सुरक्षा और डाटा निजता जैसे मामलों की विफलता पर अधिक मजबूती से घेर सकेंगे। इसी के साथ कंपनी के खिलाफ फर्जी खातों की गलत संख्या बताने का आरोप साबित करना उनके लिए अब आसान हो जाएगा।
