Site icon Buziness Bytes Hindi

ट्विटर ने बंद किये चीनी सरकार को सपोर्ट करने वाले हज़ारों खाते


ट्विटर ने बंद किये चीनी सरकार को सपोर्ट करने वाले हज़ारों खाते

सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर ने ऐसे हज़ारों खातों पर बंद कर दिया है जो माना जा रहा था की वह चीन की सरकार का प्रोपगेंडा कर रहे थे । ट्विवटर ने कहा है कि जिन अकाउंट्स को बंद किया है वह चीन के भूराजनैतिक उद्देश्यों को बढ़ावा देने में लगे थे। ट्विटर के साथ काम करने वाले विशेषज्ञों ने कहा कि ये खाते हांगकांग विरोध प्रदर्शन, कोविड-19 और अन्य विषयों के बारे में भ्रामक सूचना फैला रहे थे। कंपनी ने कहा कि खाते “चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अनुकूल भूराजनीतिक नैरेटिव का प्रसार” कर रहे थे।

वीपीएन के माध्यम से करते हैं ट्विटर का उपयोग
चीन में ट्विटर पर आधिकारिक रूप से बैन लेकिन कुछ लोग वीपीएन के माध्यम से इस सोशल नेटवर्किंग साइट का उपयोग करते हैं। ऑस्ट्रेलियन स्ट्रैटेजिक पॉलिसी इंस्टीट्यूट के अनुसार, ट्विटर पर इस चीनी अभियान का लक्ष्य विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिक थे। बंद किए खातों से मुख्य रूप से चीनी भाषाओं में ट्वीट किए गए थे। स्टैनफोर्ड इंटरनेट ऑब्जर्वेटरी की रिसर्च मैनेजर रेनी डिएस्टा ने कहा कि इनमें से कई अकाउंट जनवरी में बनाए गए थे और ये लगातार कोविड-19 के बारे में पोस्ट कर रहे थे। संबंधित खातों से कोरोना वायरस से निपटने के लिए चीन की तारीफ के साथ-साथ अमेरिका और हांगकांग के प्रदर्शनकारियों के विषय में ट्वीट किये गए थे।

ट्विटर ने की थी 23,750 खातों की पहचान
ट्विटर ने कहा कि उसने 23,750 खातों की पहचान एक कोर नेटवर्क के रूप में की थी। इनका उपयोग चीन के प्रति अनुकूल सामग्री को ट्वीट करने के लिए किया गया था। बाकी डेढ़ लाख खाते इन ट्वीट्स को आगे बढ़ाने का काम कर रहे थे। 23,750 खातों से 348,608 बार ट्वीट किया गया।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि अगस्त 2019 में ट्विटर ने लगभग 1,000 खातों पर कार्रवाई की थी जो चीन की मुख्यभूमि से चलाई जा रही थी। इन खातों से जानबूझकर और विशेषरूप से हांगकांग में राजनीतिक कलह को बढ़ाने की कोशिशों को अंजाम दिया जा रहा था। कंपनी ने इसके अलावा रुस और तुर्की से जुड़े कुछ खातों को बंद कर दिया है।

Exit mobile version