पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए थे मेजर विभूति ढौंढियाल
पत्नी निकिता ढौंढियाल बतौर लेफ्टिनेंट आधिकारिक तौर पर सेना में शामिल
देहरादून। एक पत्नी ने आज अपने शहीद पति को सच्ची श्रद्धाजंलि अर्पित कर मिसाल बना दी। 17 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में देहरादून के निवासी मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल शहीद हो गये थे। शहीद पति के अधूरे काम को पूरा करने की प्रबल इच्छाशक्ति मन में लिये उनकी पत्नी निकिता ढौंढियाल ने सेना में शामिल होने का निर्णय लिया था। आज 29 मई को आयोजित पीओपी में उन्होंने सेना की वर्दी पहन पति को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है।
शादी के नौ महीने बाद ही पति वियोग का दुख सहन करने वाली निकिता ने शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल के तिरंगे में लिपटे शव को सैल्यूट कर अंतिम विदाई दी थी। अपने पति के देश सेवा के सपने को जारी रखने का संकल्प मन में लिये निकिता ने मल्टीनेशनल कंपनी की जाॅब छोड़कर सेना में जाने का फैसला किया। पिछले साल इलाहाबाद में वीमन एंट्री स्कीम का एग्जाम पास करने के बाद निकिता चेन्नई स्थित आॅफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में ट्रेनिंग ले रही थीं। आज 29 मई को ओटीए के पासिंग आउट परेड़ में बतौर लेफ्टिनेंट वह आधिकारिक रूप से सेना में शामिल हो गयीं। सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाई के जोशी ने तमिलनाडु के चेन्नई में अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी में उनके कंधों पर स्टार लगाए।
रक्षा मंत्रालय, उधमपुर के जन संपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस समारोह का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘पुलवामा में प्राण न्योछावर करने वाले मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ श्रद्धांजलि देते हुए आज उनकी पत्नी निकिता कौल ने सेना की वर्दी पहन ली। यह उनके लिए गर्व का मौका होगा, क्योंकि सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट वाई के जोशी ने उनके कंधे पर स्टार लगाए।’
अपने हौंसले और शहीद पति के अधूरे काम को पूरा करने की प्रबल इच्छाशक्ति की बदौलत आज निकिता इस मुकाम पर पहुंच कर मिसाल बन गयीं हैं। शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को प्यार से विभू कहने वाली निकिता ने सेना में जाने के बारे मे कहा था कि विभु की राह पर चलना, उनके अधूरे काम को पूरा करना मेरा काम है और मैं सेना में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देना चाहती हूं। आज लेफ्टिनेंट बनकर अपने विभू को सच्ची श्रद्धाजंलि देने वाली निकिता पर पूरे देश को गर्व है।

