Site icon Buziness Bytes Hindi

गोरखपुर हाईवे पर ट्रक-डंपर भिड़े, जिंदा जले ड्राइवर और क्लीनर

truck

रॉन्ग साइड से आए डंपर ने मारी टक्कर, धधकती आग में फंसे रहे दो लोग
लपटें इतनी तेज कि फायरकर्मी भी नहीं पहुंच सके करीब, घंटों जाम में फंसे वाहन

गोरखपुर। गोरखपुर में गुरुवार सुबह कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रक और डंपर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर जिंदा जल गए, जबकि ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

घटना रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास सुबह करीब पांच बजे हुई। जानकारी के मुताबिक मक्का से लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान डस्ट से भरा एक डंपर गलत दिशा से हाईवे पर आ गया। अचानक सामने आए डंपर से ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और कुछ ही पलों में उसमें आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने डंपर को भी अपनी चपेट में ले लिया। डंपर में मौजूद चालक सत्येंद्र और क्लीनर शिवा बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। आग की लपटों में दोनों जिंदा जल गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग चीख-पुकार सुनते रहे, लेकिन आग की भयावहता के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि उसकी तपिश दूर तक महसूस की जा रही थी। धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। आग बुझने के बाद पुलिस जब डंपर के अंदर पहुंची तो वहां केवल कंकाल बचे मिले। पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं घायल ट्रक चालक और खलासी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के चलते हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह डंपर का रॉन्ग साइड आना माना जा रहा है।

Exit mobile version