Site icon Buziness Bytes Hindi

रुझान: दिल्ली में AAP की विदाई, भाजपा की वापसी, कांग्रेस फिर खाली हाथ

exit

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझान आने लगे हैं और पहले तीन घंटों के रुझानों के मुताबिक दिल्ली की सत्ता पर 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी वापसी करती हुई नज़र आ रही है, वहीँ अपने गढ़ में आम आदमी पार्टी सत्ता गवाते हुए नज़र आ रही है. दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के हाथ इसबार भी कुछ लगता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है, उसके लिए यह चुनाव सिर्फ वोट परसेंटेज बढ़ाने वाला ही दिखाई दे रहा है. कांग्रेस को फिलहाल चुनाव आयोग के वेबसाइट के मुताबिक 6.67 % प्रतिशत वोट मिलता दिखाई दे रहा है, यानि पिछले चुनाव से 2 प्रतिशत ज़्यादा। वहीँ आम आदमी पार्टी को 43.17 % और भाजपा को 47. 11 % वोट मिलता नज़र आ रहा है. इसका सीधा मतलब यह हुआ कि कांग्रेस पार्टी का जो वोट प्रतिशत बढ़ा है वह आप के खाते से आया है. यही वजह है कि भाजपा और आप को मिल रही सीटों की संख्या में अंतर बड़ा दिख रहा है.

इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक भाजपा को अभी 41 सीटें मिलती हुई नज़र आ रही हैं यानि बहुमत से पांच सीटें ज़्यादा, वहीँ आम आदमी पार्टी को 29 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं, यानि बहुमत से आठ सीटें कम. कांग्रेस एकबार फिर शून्य पर ही खड़ी दिख रही है, हालाँकि शुरूआती दौर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव आगे चल रहे थे लेकिन अब वो तीसरे नंबर पर पिछड़ गए हैं. कांग्रेस की बात करें तो अभी तक सिर्फ दो सीटों पर वह दुसरे नंबर पर चल रही है. इसका मतलब मुकाबला त्रिकोणीय बनाने में कांग्रेस पार्टी नाकाम रही.

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की बात करें तो कुछ देर पहले तक उनके सभी बड़े नेता जिसमें अरविन्द केजरीवाल, मुख्यमंत्री आतिशी, मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे थे, हालाँकि ताज़ा ख़बरों के मुताबिक यह तीनों बड़े नेता फिलहाल मामूली अंतर से आगे चल रहे हैं, वहीँ आप ओझा सर लगभग 10 हज़ार वोटों से पीछे हैं. कांग्रेस पार्टी के संदीप दीक्षित एक अच्छा चुनाव लड़ने के बावजूद नई दिल्ली सीट पर तीसरे नंबर पर दिखाई दे रहे हैं.

Exit mobile version