मेरठ में 176 नये कोरोना संक्रमित मिले, 10 मरीजों ने गंवाई जान
मेरठ। जनपद मेरठ मेें कोरोना संक्रमण कम हो जाने से राहत मिलती दिख रही है मगर कोरोना मरीजों की मौत का आंकड़ा कम न होना चिंता का कारण बनना हुआ है। बुधवार को मेरठ में 176 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 10 मरीजों ने कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवा दी। वहीं ब्लैक फंगस भी हावी होता जा रहा है जो स्वास्थ विभाग को परेशान कर रहा है।
बुधवार को मेरठ जिले में 176 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 68415 हो गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस अब 4195 हो गये हैं। आज 602 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किये जाने के बाद कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 63440 हो गया है। वहीं आज 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 780 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
मेडिकल काॅलेज में बनेगी 100 बेड की पीआईसीयू
कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की आशंका के चलते मेरठ में भी बच्चों के उपचार के लिये व्यवस्थाएं बनायीं जा रही हैं। मेडिकल काॅलेज में अब 100 बेड की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट बनाई जाएगी जिसमें 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड, 25-25 बेड का आईसीयू व जनरल वार्ड होगा। जिला महिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में भी 10 बेड का पीआईसीयू वार्ड तैयार हो चुका है और आॅक्सीजन पाइप लाइन बिछते ही यह शुरू कर दिया जायेगा। मेडिकल और जिला अस्पताल में पीआईसीयू के बेहतर संचालन के लिए सीएमओ डाॅ. अखिलेश मोहन ने तीन सदस्यों की कमेटी बनाई है जो भर्ती होने वाले बच्चों से लेकर उनको दी जा रही स्वास्थ सेवाओं पर पूरी निगरानी रखेगी।

