मेरठ। चाइनीज ऐप टिकटॉक पर वैन लगने से जिले में एक युवती ने खुदकुशी कर ली। युवती टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने से नाराज थी। परिजनों को जब इसकी जानकारी लगी तो घर में मातम का माहौल छा गया। घटना मेरठ के थाना पल्लवपुरम क्षेत्र की है। जहां पर आज एक युवती प्रभा ने खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि युवती टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने से नाराज थी। जब से इस चाइनीज ऐप पर प्रतिबंध लगा था युवती गुमसुम थी और वो परिजनों से भी बातचीत नहीं कर रही थी। युवती के पिता हापुड़ में दारोगा बताये जा रहे हैं। इस बारे में उसने परिजनों से भी कोई बात नहीं की थी। आज युवती कमरे में गई और उसने खुदकुशी कर ली। युवती के खुदकुशी करने से परिजनों में मातम का माहौल है। बता दें कि टिक टॉक पर प्रतिबंध के बाद निराश युवाओं में आत्महत्या का यह पहला मामला सामने आया है।
हालांकि इस बारे में मृतक युवती के परिजनों ने किसी भी तरह की बातचीत से इंकार कर दिया। बता दे कि टिकटॉक ऐप देश के युवाओं में काफी लोकप्रिय था और वे अपने तरह-तरह के वीडियो इस ऐप पर डाला करते थे। जब से भारत और चीन के संबंधों में सीमा को लेकर तनाव उभरे तब से भारत ने 59 से अधिक चाइनीज ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया है।

