- मुजफ्फरनगर में हुुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस विभाग में शोक
मुजफ्फरनगर। होली खेलने के लिये जा रहे सिपाहियों की कार पलटने से तीन सिपाहियों की मौत हो गयी। हादसे में दो सिपाहियों की हालत गंभीर है जिन्में मेरठ रेफर किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली। हादसे के बाद पुलिस विभाग मेें शोक व्याप्त है।
जिला गाजियाबाद की लोनी तहसील के गांव जावली निवासी सिपाही अजय वत्स की तैनातनी मंसूरपुर थाने में थी। होली का त्योहार मनाने के लिये अजय वत्स मंगलवार दोपहर को वैगनआर कार में सवार होकर सोहंजनी तगान पुलिस चैकी पर जा रहे थे। कार में उनके साथी बिजनौर जनपद में तैनात नरेश पूनिया, प्रदीप कुमार तथा मंसूरपुर थाने में तैनात महेंद्र कुमार, प्रवेश भी सवार थे। शाहपुर मार्ग पर अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई और कई पलटे खाकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में सिपाही अजय वत्स, प्रदीप कुमार और सिपाही महेंद्र की मृत्यु हो गयी। प्रवेश और नरेश को गंभीर अवस्था में मेरठ रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिपाही प्रदीप और प्रवेश की तैनाती पहले मंसूरपुर थाने पर थी और अब वह बिजनौर में कार्यरत थे। वह बिजनौर से होली मनाने के लिए मंसूरपुर आए थे। इस हादसे में पुलिसकर्मियों की मौत हो जाने के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी, सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।

