Site icon Buziness Bytes Hindi

अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव अलौकिक होगा

ayodhya

अयोध्या में दीपोत्सव तो हर बरस होता है, नए कीर्तिमान गढ़े जाते हैं। अयोध्या 22 जनवरी को भी जगमगाएगी लेकिन इस बार की जो जगमगाहट होगी वो कुछ अलग ही होगी. इस बार के दीयों से दिव्य प्रकाश निकलता दिखाई देगा और ऐसा क्यों न हो क्योंकि राम लला का भव्य राम मंदिर में आगमन का अवसर है। 22 जनवरी को अयोध्या उस तरह जगमग नज़र आएगी जब प्रभु राम 14 बरस के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे. 22 जनवरी को सिर्फ अयोध्या ही नहीं पूरे देश में कुछ वैसा ही नज़ारा दिखने वाला है. अयोध्या में तो 10 लाख दिए जलाने की तैयारी है लेकिन पूरे देश में कितने दिए जलेंगे इसकी कोई कल्पना ही नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री मोदी ने हर राम भक्त से अपील की है कि वो 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दिन अपने घरों में शाम को राम ज्योति जलाये।

पिछले सात वर्षों से प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में ‘दीपोत्सव’ का आयोजन कर रही है और अब 22 जनवरी को एक बार फिर अयोध्या को दीयों से सजाकर अपनी दिव्य भव्यता से दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का मौका कैसे जाने दे सकती है. 2017 में योगी सरकार ने अयोध्या को 1.71 लाख दीयों से सजाया और 2023 में 22.23 लाख दीयों से नया रिकॉर्ड बनाया. पर्यटन विभाग इसके लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहा है. राम मंदिर, राम की पैड़ी, कनक भवन, हनुमान गढ़ी, गुप्तार घाट, सरयू घाट, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी सहित 100 मंदिरों समेत सभी प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दीये जलाए जाएंगे.

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद देश के हर नागरिक से शाम के समय अपने घरों में दीये जलाने की अपील की गई है. सिर्फ घरों में ही नहीं बल्कि दुकानों, होटल, कारखानों, प्लांट्स, कार्यालयों और ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को भी दीपक से रौशन करने की अपील की है. क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों के मुताबिक 22 जनवरी की शाम को 100 प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर दीये जलाए जाएंगे.

Exit mobile version