Site icon Buziness Bytes Hindi

इस तरह होती है इसरो वैज्ञानिक की भर्ती

भारत के चंद्रमा मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा शुक्रवार को श्रीहरिकोटा से चंद्रयान 3 लॉन्च किया गया। चंद्रयान 3 को चंद्रमा के एक कदम करीब जाने का संकेत माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया को काफी उम्मीदें हैं. चंद्रयान 3 में ऑर्बिटर नहीं, बल्कि स्वदेशी प्रोपल्शन मॉड्यूल भेजा जा रहा है, जिसे इसरो वैज्ञानिकों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस बीच आइए हम आपको बताते हैं कि इसरो में वैज्ञानिक कैसे बनें और आने वाले सभी मिशनों में कैसे योगदान दें।

इस तरह होती है भर्ती

इसरो वैज्ञानिक बनना न केवल एक अच्छा करियर माना जाता है बल्कि इससे सामाजिक प्रतिष्ठा और देश की सेवा करने का अवसर भी मिलता है। इसरो वैज्ञानिक बनने के लिए सीधी भर्ती प्रक्रिया आयोजित करता है। इसरो के विभिन्न अंतरिक्ष केंद्रों और विभागों के लिए वैज्ञानिकों की भर्ती समय-समय पर इसरो केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (आईसीआरबी) द्वारा की जाती है। इन रिक्तियों के लिए अधिसूचना बोर्ड द्वारा इसरो वेबसाइट, isro.gov.in/Careers के करियर अनुभाग में प्रकाशित की जाती है और उम्मीदवार यहां दिए गए लिंक के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं।

इसरो वैज्ञानिक भर्ती के लिए पात्रता मानदंड

इसरो के विभिन्न केंद्रों के लिए वैज्ञानिक के पदों पर सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवार को भर्ती विभाग से संबंधित विषय/ट्रेड में न्यूनतम 65% अंकों के साथ बीई/बी.टेक या अन्य स्नातक डिग्री उत्तीर्ण होना चाहिए। साथ ही, उम्मीदवारों की आयु निर्धारित कट-ऑफ तिथि के अनुसार 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणियों (एससी-एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, दिव्यांग आदि) के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी गई है।

चयन प्रक्रिया

इसरो वैज्ञानिक भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाता है। लिखित परीक्षा दो घंटे की अवधि की होती है और इसमें दो भाग होते हैं। पहले भाग में विषय/क्षेत्र से संबंधित 80 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) होते हैं, जबकि दूसरे भाग में योग्यता/क्षमता परीक्षण से 15 एमसीक्यू होते हैं। पहले पार्ट में नेगेटिव मार्किंग है, लेकिन दूसरे में नहीं. लिखित परीक्षा में अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 60% अंक और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 50% अंक प्राप्त करने होंगे। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर श्रेणीवार निर्धारित कट-ऑफ के अनुसार तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है।

Exit mobile version