बाथरूम में गिरने या फिर गिरने से बचने का अनुभव लगभग हर व्यक्ति को होता है। कभी-कभी इस प्रकार की दुर्घटना इतनी गंभीर होती है कि व्यक्ति की मृत्यु तक हो जाती है। ऐसे में हम लोगो को हमेशा सुरक्षित रहने के लिए अपने बाथरूम को हमेशा साफ रखना चाहिए ।
वैसे तो आमतौर पर लोग हफ्ते में एक बार बाथरूम साफ करते हैं। लेकिन फिर भी कहीं न कहीं चिकनापन और गंदगी बनी रहती है. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे देसी और सस्ते उपायों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप बाथरूम के हर कोने को मिनटों में बड़ी आसानी से साफ कर सकते हैं।
बाथरूम का फर्श फिसलन भरा क्यों हो जाता है?
बाथरूम में टाइल्स लगी हो या नहीं, अगर आप नहाने के तुरंत बाद इसे वाइपर से साफ नहीं करते हैं तो इसकी चिकनी परत फर्श पर जमने लगती है।
इसके कारणों में साबुन और शैम्पू के अवशेष, पानी के नल से लगातार रिसाव और टाइल्स पर फंगस शामिल हैं। इसके अलावा खराब सफाई उत्पादों से बाथरूम साफ करने और गीले कपड़े और कालीन रखने से भी फर्श पर चिकनाई बढ़ जाती है।
नींबू से बाथरूम की टाइलें पॉलिश करें
अगर आप बाथरूम की टाइल्स साफ करने के लिए घरेलू उपाय ढूंढ रहे हैं तो नींबू से सफाई करने का यह तरीका आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
इसके लिए 2 कप गर्म पानी में 2 चम्मच नींबू का रस मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें। अब इसे फर्श पर अच्छी तरह स्प्रे करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर फर्श को किसी कपड़े या स्क्रब से रगड़ने के बाद साफ पानी से धो लें और कुछ देर सूखने के लिए छोड़ दें। आप पाएंगे कि फर्श से सारी फिसलन गायब हो गई है।
बाथरूम के फर्श को बेकिंग सोडा से साफ करें
बाथरूम के फर्श से ग्रीस हटाने के लिए बेकिंग सोडा एक बेहतरीन ट्रिक है। इसके लिए एक कटोरी में आधा कप बेकिंग सोडा और 1/4 कप हाइड्रोजन पेरोक्साइड या नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बना लें. फिर इसे स्क्रबर से फर्श पर अच्छे से लगाएं और 10-25 मिनट के लिए छोड़ दें। अब इसे ब्रश से रगड़कर साफ कर लें। इस उपाय से आपको फिसलन के साथ-साथ फफूंदी और दुर्गंध से भी राहत मिल जाएगी।
गर्म पानी + डिटर्जेंट से टाइल्स का ग्रीस हटाएँ
यदि आपके बाथरूम का फर्श बहुत जल्दी फिसलन भरा हो जाता है, तो आप इसे गर्म पानी में डिटर्जेंट या डिश शॉप के घोल से सप्ताह में 1-2 बार साफ कर सकते हैं।
इसके लिए एक बाल्टी गर्म पानी में सर्फ या बर्तन धोने वाला लिक्विड मिलाएं और अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे 2-3 मिनट के लिए फर्श पर छोड़ दें। फिर इसे लॉन्ड्री ब्रश से रगड़कर साफ करें।
सिरके का करे प्रयोग
बाथरूम की सफ़ाई के लिए सिरका सबसे ताकतवर चीज़ है. इससे सफाई करने पर गंदगी, दुर्गंध और फंगस तुरंत दूर हो जाते हैं।
ऐसे में फर्श की फिसलन दूर करने के लिए आधी बाल्टी पानी में 5-6 चम्मच सिरका मिलाएं और इसे टाइल्स पर अच्छी तरह फैलाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। अब इसे कपड़े या स्क्रब से साफ कर लें।
