सावन का महीना शुरू हो चुका है और इस महीने में भगवान शिव प्रसन्न मुद्रा में रहते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस माह भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। भगवान शिव के इस महीने में भक्ति का माहौल रहता है और चारों तरफ सकारात्मक ऊर्जा मौजूद रहती है। वास्तु शास्त्र में सावन माह के लिए कुछ विशेष उपाय बताए गए हैं। वास्तु के इन उपायों को करने से शिव भक्ति का फल दोगुना हो जाता है और सौभाग्य भी बढ़ता है। इसके साथ ही वास्तु में भगवान शिव की पूजा के लिए कुछ बातों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है। आइए जानते हैं सावन में किए जाने वाले वास्तु के इन उपायों के बारे में…
इस दिशा में रखें शिवलिंग
सावन माह में घर के ईशान कोण में शिवलिंग स्थापित करें। यह दिशा सबसे शुभ मानी जाती है क्योंकि यह देवी-देवताओं की दिशा भी होती है। इस दिशा में भगवान शिव की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि का वास होता है और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इसके साथ ही इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि सावन में हर रोज घर को पूरी तरह से साफ रखें, क्योंकि सावन में घर को गंदा रखने से परिवार के सदस्यों की तरक्की रुक जाती है इसलिए सावन के महीने में हर रोज घर को अच्छी तरह से साफ करें।
मुख्यद्वार पर बनाएं ये शुभ चिन्ह
सावन के महीने में हर दिन मुख्य दरवाजे पर गंगा जल छिड़कें और दहलीज पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं। इसके बाद घर के दोनों ओर घी के दीपक जलाएं और फिर शिवालय में जाकर शिवलिंग की पूजा करें। वास्तु के इस उपाय से घर में समृद्धि का वास होता है और सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित होती है।
इस उपाय से धन लाभ होता है
भगवान शिव ने हाथों में और गले में रुद्राक्ष धारण किया हुआ है। वास्तु के अनुसार, शिवलिंग की पूजा करने से पहले आप एक रुद्राक्ष को शिवलिंग के पास रखें और फिर जलाभिषेक करके पूजा करें। पूजा संपन्न होने के बाद शिवलिंग के पास से रुद्राक्ष उठा लें और फिर उसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या अलमारी में रख दें या घर के मुख्य दरवाजे पर बांध दें। ऐसा करने से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती और धन आगमन की संभावना बनी रहती है।
इस उपाय से भाग्य बढ़ता है
घर में तुलसी का पौधा होने से सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। सावन के महीने में घर में तुलसी का पौधा लगाना बहुत शुभ माना जाता है। घर की उत्तर और पूर्व दिशा में तुलसी का पौधा लगाने और प्रतिदिन उसकी पूजा करने से सौभाग्य में वृद्धि होती है। इस बात का भी ध्यान रखें कि शिव पूजा में तुलसी का प्रयोग नहीं करना चाहिए। तुलसी की पूजा केवल सुबह और शाम के समय ही करें।
इस उपाय से मिलता है भगवान शिव का आशीर्वाद
सावन के महीने में तुलसी के अलावा उत्तर-पूर्व दिशा में बेलपत्र का पौधा लगाना भी बहुत शुभ माना जाता है। शिव पुराण में बताया गया है कि बेलपत्र का पौधा लगाने से वह स्थान काशी के समान पवित्र माना जाता है और दरिद्रता दूर हो जाती है। सावन में लगाए गए बेलपत्र के पौधे को प्रतिदिन जल देने और पूजा करने से धन में वृद्धि होती है और भगवान शिव के साथ मां लक्ष्मी की कृपा भी बनी रहती है।

