Site icon Buziness Bytes Hindi

सर्द लहर से अभी नहीं मिलेगा छुटकारा

weather

पहाड़ी राज्यों से अलग देश के कई मैदानी राज्यों में कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है. इतनी भयंकर शीतलहर ने लोगों के जीवन को बहुत प्रभावित किया है और लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए हैं। ठण्ड से अभी निजात नहीं मिलने वाली है, ऐसा मौसम विज्ञान विभाग कह रहा है. IMD के मुताबिक उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठण्ड जारी रहेगी। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर अलर्ट भी जारी किया है.

मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर भारत में घना कोहरा रहने वाला है और साथ ही अगले दो दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गंभीर सर्द लहर की स्थिति जारी रहेगी, अलबत्ता 19 जनवरी से थोड़ी राहत मिल सकती है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि मकर संक्रांति के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव आना शुरू हो जाता है। आईएमडी की ओर से जारी रेड अलर्ट में लोगों को लगातार सर्द मौसम के लिए तैयार रहने और अगर कोहरा ज़्यादा है तो यात्रा करने से बचने या फिर यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तरी राजस्थान के ज़्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिली। अलग-अलग स्थानों में न्यूनतम तापमान 3-7°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.0°C लुधियाना में दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में गंभीर ठंडे दिन रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से बारिश की भी संभावना है। दिल्ली की बात करें तो मौसम विज्ञान विभाग ने शीतलहर की भविष्यवाणी की है।

Exit mobile version