Site icon Buziness Bytes Hindi

बंदूक की नोक पर मिल्कीपुर उपचुनाव जीतने की हो सकती है कोशिश, अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को किया आगाह

milkipur

मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज एक बड़ी बात कही. उन्होंने आशंका जताई कि मिल्कीपुर उपचुनाव बंदूक की नोक पर जीतने की कोशिश हो सकती है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो पार्टी कार्यकर्ता मौके के हिसाब से निर्णय ले सकते हैं.

रविवार को लखनऊ में विवेकानंद की जयंती पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अगर मिल्कीपुर चुनाव में बंदूक की नोक पर धांधली होती है तो मैं अपने कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि उस समय जो भी निर्णय ले सकें, ले लें। भाजपा ने अपने विभागों को लूटने वाले मंत्रियों की वहां ड्यूटी लगा दी है। सपा मुखिया ने कहा कि इस बात का ध्यान रखें, इंडिया गठबंधन मजबूत है और मजबूत रहेगा। प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जो क्षेत्रीय दल मजबूत है उसका समर्थन किया जाना चाहिए।

महाकुंभ में गंगा स्नान को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि वह गंगा स्नान के लिए जाते रहे हैं। मैं इसकी फोटो भी शेयर कर सकता हूं। भाजपा के जो नेता आरोप लगा रहे हैं, उन्हें भी अपनी फोटो शेयर करनी चाहिए। कोई पुण्य के लिए गंगा स्नान करता है, कोई दान के लिए जाता है तो कोई पाप धोने के लिए जाता है। वो पाप धोने जाएंगे महाकुम्भ जायेंगे और हम पुण्य कमाने जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद से सीखना और प्रेरणा लेना बहुत जरूरी है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि हमें धर्म से ज्यादा रोटी की जरूरत है। वहीँ कन्नौज की घटना पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि कन्नौज की घटना में बड़ी संख्या में मजदूर दब गए थे, यह तो भगवान की कृपा है कि अभी तक किसी की जान नहीं गई है।

Exit mobile version