सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ में जनसभा को किया संबोधित
कहा, अपना हक मिलने तक आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा किसान
मेरठ। देश में एक कंपनी (ईस्ट इंडिया) आई थी और उसने देश को गुलाम बना दिया था। अगर देश में यही व्यवस्था चलती रही तो देश फिर से गुलाम बन जाएगा। आज उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में आयोजित जनसभा में किसानों को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि कानून देश के किसानों को बर्बाद कर देंगे। अंग्रेजों के शासन से आजाद होने के लिये जो लड़ाई उस समय चलाई गई थी, उसकी आज भी जरूरत है। किसान को जब तक उसका हक नहीं मिलेगा, वह आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा
मवाना में मखदूमपुर रोड स्थित नवजीवन किसान डिग्री कालेज में धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, कोतवाल धन सिंह गूर्जर को कोई नहीं भूल सकता। अगर धन सिंह की लड़ाई उसी समय कामयाब हो जाती तो शायद भगत सिंह को कुर्बानी नहीं देनी पड़ती। कृषि कानूनों के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार चार साल से चल रही है मगर किसानों को गन्ना भुगतान के लिये अब भी इंतजार करना पड़ा रहा। देश में डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं।
किसानों को साधा, भाजपा को बनाया निशाना
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा किसान आंदोलन चलाने वालों को बधाई देते हुए कहा, मैं जानता हूं किसान को जब तक उसका हक नहीं मिलेगा वह पीछे नहीं हटेंगे। राज्य की जनता ने यूपी सरकार को नकारा तो ये तीनों कानून कहां जायेंगे इनका कुछ पता भी नहीं चलेगा। किसानों को आतंकवादी बताने वाले, किसानों का आंदोलन खत्म करना चाहने वाले सबसे अधिक बड़े असमाजिक तत्व हैं। व्यापार और राजनीति के तालमेल में मुनाफा सिर्फ उद्योगपतियों का हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, भारत को विश्वगुरू बनाने का सपना दिखाने वाले बतायें कि जिस देश का किसान रोने लगे, नौजवान के पास काम न हो, बैंक डूबने लगे तो वह देश को विश्वगुरू कैसे बनायेंगे। भाजपा पर नफरत, जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा के पास विजन के नाम पर टेलीविजन है। अगर भाजपा को यूपी में रोक लिया गया तो आप देश की सबसे बड़ी मदद करेंगे। अखिलेश ने लोगों से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाने की अपील करते हुए कहा, हम लोग समाज को देश को बनाना चाह रहे हैं। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश खो दिया तो वह दिल्ली को भी खो देंगे।

