Site icon Buziness Bytes Hindi

तृणमूल कांग्रेस ने गृह मंत्री को बताया झूठा, कहा–आरोप साबित करें या माफी मांगे


तृणमूल कांग्रेस ने गृह मंत्री को बताया झूठा, कहा–आरोप साबित करें या माफी मांगे

कोलकाता: प्रवासी मजदूरों को लेकर केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार आमने-सामने आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रवासी मजदूरों को लेकर पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल तक पहुंचने वाली ट्रेनों की अनुमति नहीं देने का राज्य सरकार पर आरोप लगाया है और इसे प्रवासी मजदूरों के साथ अन्याय बताया है। इस पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पलटवार करते हुए कहा है कि गृह मंत्री झूठ बोल रहे हैं। टीएमसी ने कहा है कि अमित शाह आरोप साबित करें या माफी मांगें।

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि इस संकट की घड़ी में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में नाकाम रहने वाले केंद्रीय गृह मंत्री झूठ के पुलिंदा के साथ लोगों को गुमराह करने के लिए हफ्तों की चुप्पी के बाद बोल रहे हैं। विडंबना यह है कि लोगों को केंद्र सरकार ने उनके ही हाल पर छोड़ दिया है। अमित शाह अपने फर्जी आरोपों को साबित करें या माफी मांगें।

टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि केंद्र ने कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब और तेलंगाना से प्रवासी मजदूरों के लिए आठ ट्रेनों की योजना बनाई है। पहली ट्रेन शनिवार को हैदराबाद से माल्दा के लिए रवाना होगी। केंद्र सरकार झूठ बोल रही है कि यात्रियों को अलग-अलग राज्यों से बंगाल लाने के लिए आठ ट्रेनें तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 16 प्रवासी मजदूरों की रेल से कुचलकर मौत हो गई, क्या रेल मंत्री जिम्मेदारी लेंगे। दस्तीकार ने कहा कि केंद्र राजनीतिक लाभ के लिए पश्चिम बंगाल को निशाना बना रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version