चुराई रकम गिनते हुए चोर को पड़ गया अटैक
चोरी की रकम से 2 लाख खर्च कर कराया इलाज
बिजनौर। उम्मीद से ज्यादा रकम मिल जाये तो किसी को भी खुशी होगी। मगर उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर में चोरी किये बैग में लाखों की रकम मिलना एक चोर के दिल पर भारी पड़ गया। दरअसल 40-50 हजार रुपये मिलने की उम्मीद में चोरों ने एक जनसुविधा केंद्र से नकदी भरा बैग चुरा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जब चोर रकम गिनने बैठे तो 13 लाख नगद एक साथ देखकर एक चोर को हार्ट अटैक आ गया। साथी चोर ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज में दो लाख रुपये भी चोरी की रकम से खर्च कर दिये। पुलिस ने दोनों चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया तो इस अजीबोगरीब वाक्यात ने सबको अचंभे में डाल दिया।
बिजनौर के देहात कोतवाली क्षेत्र में कस्बा तिराहे पर पित्तनहेड़ी जिया निवासी उरूज हैदर के जनसुविधा केंद्र पर 16 फरवरी को चोरों ने केंद्र से नकदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही 13 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने नौशाद नामक चोर को गिरफ्तार किया तो चोरी की परतें खुलती चली गयीं। बुधवार को एसपी डा.धर्मवीर सिंह ने मामले का खुलासा किया तो सब अचंभित रह गये। एसपी ने बताया कि नगीना थाना क्षेत्र के आलेअलीपुर उर्फ किरतपुर गांव निवासी नौशाद व एजाज ने इस चोरी को अंजाम दिया था। एजाज ने पहली बार चोरी की थी जबकि नौशाद शातिर चोर है। चोरों से चोरी किये तीन लाख 70 हजार रुपये, दो तमंचे और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गयी है।
एसपी ने बताया कि चोरी करने के बाद नौशाद के घर पर बैग खोलकर रकम गिननी शुरू की तो लाखों रुपये एक साथ देखकर एजाज को हार्ट अटैक आ गया। नौशाद ने एजाज को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके इलाज में दो लाख रुपये खर्च किये। यह रकम चोरी किये रुपयों में से ही निकाली गयी। पूछताछ में एजाज ने बताया कि उसे उम्मीद थी की इस चोरी में 40-50 हजार रुपये मिल जायेंगे। लेकिन लाखों रुपये एक साथ देखकर उसे हार्ट अटैक पड़ गया। आरोपितों ने केंद्र से साढ़े सात लाख की रकम ही मिलने की बात कही है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

