बुलंदशहर। कोरोना काल में जब लोग मायूसी और डर के साए में जी रहे हैैं, तब बुलंदशहर के अंसारी मोहसिन ने सिंगर कैलाश खेर के साथ हमें जीतना हैं… गाना गाकर लोगों में उत्साह भरने का प्रयास किया. इस प्रयास ने उन्हें रातों-रात फेमस भी बना दिया है. अंसारी के इस गाने को सोशल मीडिया पर खूब वाहवाही मिल रही है. जी मीडिया ने मोहसिन के इस गाने को लांच किया है.
पहले भी गाए हैैं गाने
सिंगर अंसारी मोहसिन बुलंदशहर अहार बांगर के रहने वाले हैं. इससे पहले भी मोहसिन कई गाने गाकर सुर्खियां बटौर चुके हैं. अंसारी मोहसिन ने 5 साल पहले दिल्ली में बतौर सिंगर करियर की शुरूआत की थी. इस दौरान मोहसिन को रतन अवार्ड, राजधानी रतन अवार्ड, फेस राष्ट्रीय गौरव अवार्ड जैसे सम्मान से नवाजा गया. इतना ही नहीं मोहसिन ने 3 साल पहले बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और वहां बॉलीवुड के लीजेंडरी म्यूजिक डायरेक्टर्स के साथ काम किया. विशाल शेखर, विपिन पटवा, साजिद-वाजिद, तनिष्क बागची, रोचक कोहली आदि दिग्गजों के साथ अंसारी मोहसिन काम कर चुके हैं.
दिग्गजों के साथ गाया गाना
कोरोना को लेकर बनाये गए, हमें जीतना है… गाने को जी म्यूजिक और टेराकोटा जैसी बड़ी कंपनी ने रिलीज किया है. दिल्ली में कुमार सानू म्यूजिक एकेडमी के कोच के रूप में भी अंसारी मोहसिन ने भूमिका निभाई है. आपको बता दें, हमें जीतना है… गाने को अंसारी मोहसिन के साथ शंकर महादेवन, कैलाश खेर, अनु मलिक, जावेद अली, निकिता राय, देव नेगी, आदिति पौल जैसे दिग्गज सिंगर ने गाया है. ये गीत जी म्यूजिक कंपनी ने रिलीज किया.

