Site icon Buziness Bytes Hindi

पुलिसकर्मियों के बलिदान और सेवा को सदैव याद रखा जायेगाः पीएम


पुलिसकर्मियों के बलिदान और सेवा को सदैव याद रखा जायेगाः पीएम

पीएम नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दी शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धाजंलि

न्यूज डेस्क। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की रक्षा में अपना जीवन बलिदान करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान और सेवा को सदैव याद रखा जायेगा। हम कर्तव्य की पंक्ति में शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं।

पुलिस स्मृति दिवस 2020 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि पुलिस स्मृति दिवस 2020 पूरे भारत में हमारे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों का आभार व्यक्त करने का दिन है। हम कर्तव्य की पंक्ति में शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं। उनके बलिदान और सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। पीएम ने कहा कि भयावह अपराधों को सुलझाने और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने, आपदा प्रबंधन में सहायता से लेकर कोरोना महामारी से लड़ने तक हमारे पुलिस कर्मी हमेशा बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। हमें नागरिकों की सहायता के लिए उनके परिश्रम और तत्परता पर गर्व है।

वहीं, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश की रक्षा में अब तक 35,398 कर्मियों ने शहादत दी है, मैं सभी शहीदों के परिवार जनों को कहना चाहता हूं कि ये स्मारक (राष्ट्रीय पुलिस स्मारक) सिर्फ ईंट, पत्थर और सीमेंट से बना स्मारक नहीं है।

दस पुलिसकर्मियों की शहादत के बाद शुरू हुआ पुलिस स्मृति दिवस
21 अक्तूबर, 1959 को पूर्वी लद्दाख में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा धोखा देकर किये गये हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दस जवान शहीद हुए थे। ऐसा पहला मौका था जब सीमा की रक्षा में पुलिस के जवानों को बलिदान देना पड़ा था। तब से ही शहीद जवानों की स्मृति में पुलिस स्मृति दिवस मनाने की शुरूआत की गयी। स्मृति दिवस पर आजादी के बाद देश की रक्षा और ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धाजंलि अर्पित की जाती है।

Exit mobile version