Site icon Buziness Bytes Hindi

कोरोना की जांच के लिए मरीज को अपनी आई.डी. की छायाप्रति देना होगा अनिवार्य: अमित शाह


कोरोना की जांच के लिए मरीज को अपनी आई.डी. की छायाप्रति देना होगा अनिवार्य: अमित शाह

मेरठ। एनसीआर के जिलों के लिए केन्द्र सरकार की पहल पर वैश्विक महामारी कोरोना के प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाने का कार्य किया जा रहा है। कोरोना की जांच के लिए मरीज को अपनी आई.डी. की छायाप्रति देना अनिवार्य होगा विशेषकर प्राईवेट लैब में। कोरोना की जांच के लिए एक नया टेस्ट एन्टीजन टेस्ट प्रारम्भ किया गया है, जिसकी रिपोर्ट 15 मिनट में प्राप्त हो जायेगी तथा जिसकी कीमत 450 रुपये व कर होगी। राज्य सरकार से प्राप्त शिकायतों का आईसीएमआर चैक करें तथा गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित कराये।

कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी भवन में दिल्ली से वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उ0प्र0 व हरियाणा के एनसीआर के जिले अधिकारियों व दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ समीक्षा बैठक करते हुये यह जानकारी केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दी। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मन बनाकर दृढता व संवेदनशीलता के साथ कोरोना महामारी को हराना है। उन्होने कहा कि यह मानवता की लडाई है और हम इस पर विजय अवश्य प्राप्त करेंगे।


केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनसीआर से संबंधित जिलों के अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने जिलों में कितने अस्पताल हैं, उसमें कितने बैड है, कितने खाली हैं आदि बिन्दुओं पर अपनी आख्या शुक्रवार दोपहर तक आईसीएमआर को भेजे। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर टेस्टिंग को बढाये तथा कोरोना धनात्मक केसों में मरीज के संपर्क में आये व्यक्तियों को आईसोलेशन कराये। उन्होंने कहा कि मृत्यु दर के कारणों को जानते हुये उसके कम करने की एक रणनीति बनायें। उन्होने आईसीएमआर के निदेशक को निर्देशित किया कि वह एनसीआर क्षेत्र के जिलों के स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण कराये तथा उन्हें किट उपलब्ध कराये।

https://hindi.buzinessbytes.com/wp-content/uploads/2020/06/Amit-Shah.mp4

मुख्य सचिव उप्र आर.के. तिवारी ने उ.प्र. सरकार द्वारा किये गये कार्यों पर प्रकाश डालते हुये बताया कि वर्तमान में उ.प्र. में 16 हजार टेस्ट प्रतिदिन कराने की क्षमता है जिसको आगामी तीन दिनों में 20 हजार टेस्ट प्रतिदिन तथा 30 जून तक 25 हजार टेस्ट प्रतिदिन तक करा दिया जायेगा। उन्होने बताया कि ईमरजेन्सी मरीज की टेस्टिंग के लिए ट्रूनेट मशीन सभी जिलों में उपलब्ध करा दी गयी है।

मुख्य सचिव उ.प्र. आर. के. तिवारी ने बताया कि उ.प्र. में वर्तमान में 5600 कोरोना धनात्मक मरीज है तथा 1 लाख 1 हजार आईसोलेशन बैड की व्यवस्था की गयी है जिसकों आगामी 30 जून तक डेढ़ लाख बैड तक कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि सीएम हैल्पलाईन से ठीक होकर घर पहॅुचे कोरोना मरीजों व कोरोना के कारण जिनकी मृत्यु हुयी है उनके परिवारजनों से मोबाईल से संपर्क कर उनसे फीडबैक भी लिया जा रहा है जिसके कारण अब शिकायतों की संख्या काफी कम हो गयी है।
मेरठ मण्डलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने अधिकारियों से कहा कि सरकार द्वारा शवों के अंतिम संस्कार के लिए जो प्रोटोकाल बनाया गया है उसका पालन कराया जाये। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर निर्गत किये गये सभी दिशा-निदेर्शों का पालन कराया जा रहा है।

वीडियों कांफ्रेंसिंग पर मुख्यमंत्री नई दिल्ली, केन्द्रीय गृह सचिव, केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव, मुख्य सचिव उप्र आरके तिवारी, मुख्य सचिव हरियाणा, आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ अनीता सी मेश्राम, जिलाधिकारी मेरठ अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी, मुख्य सीएमओ डा. राजकुमार आदि उपस्थित रहे।

Exit mobile version