गाजियाबाद। जिले में चौकी इंचार्ज को चेकिंग के दौरान भाजपा नेता के गाल पर तमाचा मारना भारी पड़ गया। भाजपा नेता को तमाचा मारे जाने की जानकारी जैसे ही भाजपाइयों को लगी। उनमें आक्रोश फैल गया। इसकी शिकायत के लिए एसएसपी के पास भाजपाइयों के फोन घनघनाने शुरू हो गए। बड़े स्तर के पदाधिकारियों ने भी इस संबंध में एसएसपी को शिकायत की। एसएसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए चौकी इंचार्ज को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।
जानकारी के अनुसार भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सागर मिश्रा और एक अन्य छात्र नेता स्कूटी पर सवार होकर नासिरपुर चौकी के सामने से जा रहे थे। दोनों ही नेता बिना हेलमेट के थे। इसी दौरान पुलिस का वाहन चेकिंग अभियान भी चल रहा था। बगैर हेलमेट देख पुलिस ने दोनों नेताओं को रोक लिया। शुरुआती दौर में भाजपा नेता ने परिचय देते हुए कहा कि वह लोकल हैं। लेकिन इस बात पर चौकी इंचार्ज ने कहा कि आप स्कूटी पर बैठिए, आपका फोटो खींचकर चालान किया जाएगा। इस बात पर चौकी इंचार्ज और भाजपा नेता की आपस में बहस हो गई।भाजपा नेता ने कहा कि यदि चालान काटना है तो चालान कर दीजिए। लेकिन चौकी इंचार्ज नहीं माना।
Read also: 15 फीसदी आदिवासी वोट बैंक को अपनी तरफ करने के लिए भाजपा—कांग्रेस चल रहे चुनावी चाल
जिस पर दोनों के बीच बहस और अधिक तीखी हो गई। गुस्साएं चौकी इंचार्ज ने भाजपा नेता के गाल पर जोरदार तमाचा जड़ दिया। फिर क्या था भाजपा नेता ने अन्य कार्यकर्ताओं को मौके पर बुलाया और शिकायत भाजपा के महानगर अध्यक्ष और आला नेताओं से की गई। आरोप है कि इस दौरान थाना सिहानी गेट के थानाध्यक्ष मौके पर मौजूद थे और उन्होंने चौकी इंचार्ज के थप्पड़ मारने का विरोध नहीं किया। भाजपा नेताओं ने चौकी इंचार्ज और थाना सिहानी गेट के थानाध्यक्ष को निलंबित किए जाने की एसएसपी से मांग की। इसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने चौकी इंचार्ज राजकुमार को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद कहीं जाकर कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत हुआ।

