Site icon Buziness Bytes Hindi

आगरा के मुगल म्यूजियम का नाम अब शिवाजी महाराज के नाम पर, CM योगी ने दिए निर्देश


आगरा के मुगल म्यूजियम का नाम अब शिवाजी महाराज के नाम पर, CM योगी ने दिए निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगरा स्मार्ट सिटी और अमृत योजना के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। आगरा के मुगल म्यूजियम का नाम परिवर्तित कर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से समन्वय बनाकर आगरा एयरपोर्ट के सम्बन्ध में प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। आगरा एयरपोर्ट एवं आगरा मेट्रो के कार्य को त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाए। पर्यटन विभाग से जुड़ी योजनाओं को भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता आवश्यक है। इसलिए इससे जुड़े प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेते हुए समाधान निकाला जाए। इससे सम्बन्धित कार्यवाही में विलम्ब न हो। किसी भी स्तर पर लम्बित प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृत किया जाए। सभी विकास कार्यों के साथ जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाए। सामुदायिक शौचालय व ग्राम पंचायत सचिवालय के निर्माण सम्बन्धी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने की कार्यवाही हो। ग्राम सचिवालय को आप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। आॅनलाइन सुविधा उपलब्ध होने से सुशासन को बल मिलेगा और ग्राम स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि आगरा मण्डल में सड़कों का निर्माण व मरम्मत युद्धस्तर पर हो। बरसात के समाप्त होते ही सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण व शहरी) के तहत निर्माण की जियो टैगिंग की जाए। उन्होंने कोविड-19 के प्रोटोकाॅल का पालन कराते हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाने के निर्देश दिए।

Exit mobile version