Site icon Buziness Bytes Hindi

Uttar Pradesh Politics: पिघलने लगी है अखिलेश और आज़म के बीच जमी बर्फ

अमित बिश्‍नोई

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ ने पार्टी से वफादारी निभाने का फिर भरोसा दिलाया, आज़म खान के अनुसार वह किसी और पार्टी में जाने की जगह राजनीति से सन्यास ले सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से नाराज़गी की बात से भी इंकार करते हुए कहा कि उनकी ऐसी हैसियत ही नहीं है।

आज़म खान एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे, 27 महीने बाद जेल से निकलने के बाद कमज़ोर से दिखने वाले आज़म खान आज कल बड़े जज़्बाती बयान देते हुए नज़र आ रहे हैं, अपनी इस हालत के लिए वह अपनों को ही ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं, उनके जेल से बाहर आने से पहले उनको लेकर चल रही सियासत और गर्म हो गयी है। आज़म खान ने अपने इंटरव्यू में कपिल सिब्बल और मुलायम का भी ज़िक्र किया। 

Also Read : Kapil Sibal Resigns From Congress: अफवाहें सच निकलीं, सिब्बल कांग्रेस छोड़ सपा में शामिल, राज्यसभा के लिए किया नामांकन

आज़म ने एक बार फिर कपिल सिब्बल की खूब तारीफ की और कहा कि उन्हें जानकर बहुत ख़ुशी हुई है कि समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा के लिए उनका समर्थन किया है, हालाँकि उन्होंने इस बात से इंकार किया कि कपिल सिब्बल के लिए उन्होंने सिफारिश की है, आज़म का कहना था कि अगर वह इस तरह की सियासत करते होते तो आज ये दिन न देखने पड़ते। आज़म खान ने कहा कि कपिल न सिर्फ एक अनुभवी राजनेता हैं बल्कि एक अच्छे और नेक इंसान भी हैं। बता दें कि 25 मई को कपिल सिब्बल ने सपा के समर्थन से राज्यसभा के लिए नामांकन किया, इस मौके पर अखिलेश यादव भी मौजूद थे। 

अखिलेश से नाराज़गी और पार्टी छोड़ने की ख़बरों पर आज़म खान ने कहा कि उनसे नाराज़गी की मेरी हैसियत ही नहीं है और जहाँ तक पार्टी छोड़ने की बात है तो मैंने अपनी लॉयल्टी को कभी दांव पर नहीं लगाया। बात पार्टी छोड़ने या न छोड़ने की नहीं है, अगर ज़रूरी हुआ तो मैं सन्यास भी ले सकता हूँ. सपा संरक्षक मुलायम सिंह के जेल में न मिलने आने को उन्होंने सही ठहराया। आज़म ने कहा कि जेल में मैं जिस हाल में था उससे मुलायम सिंह जी को बहुत तकलीफ होती।

Also Read : UP Political News: सहयोगी भी तरेरने लगे अखिलेश पर आँखे

वैसे कल विधानसभा में अखिलेश यादव आज़म पर लगे मुकदमों की बात को ज़ोरदार ढंग से उठाया था और सरकार पर राजनीतिक दुश्मनी निकालने का आरोप लगाया था। अखिलेश ने कहा था कि उनका दोष सिर्फ इतना था कि वह एक शिक्षण संसथान बना रहे थे और यही शिक्षा को बढ़ावा देना भाजपा सरकार को गुनाह लगता है। बहारहाल कपिल सिब्बल की राजयसभा उम्मीदवारी के बाद ऐसा लग रहा है कि अखिलेश और आज़म के बीच जमी बर्फ पिघल रही है।

Exit mobile version