मैनचेस्टर।इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी और निर्णायक टेस्ट मैच शुक्रवार से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू हो रहा है. पहला मैच वेस्टइंडीज ने जीता था तो इंग्लैंड ने दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है. अभी तक इस सीरीज में दोनों टीमों के बीच अच्छी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है. तीसरे टेस्ट में भी रोमांच की पूरी उम्मीद है, खासकर इस बात को ध्यान में रखते हुए कि यह सीरीज का फैसला करने वाला टेस्ट मैच है. जो जीता ट्रॉफी उसी के नाम होगी और दोनों टीमें इसमें कोई कसर नहीं छोडऩे वाली हैं.
गेंदबाजों पर नजर
मैच में सभी की नजरें दोनों टीमों के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर रहेंगी. इंग्लैंड टीम के कोच क्रिस सिल्वरवुड ने पहले ही कह दिया है कि वह इस मैच में अपना सबसे मजबूत आक्रमण उतारेंगे. ऐसे में पूरी संभावना है कि जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड और जोफ्रा आर्चर की तिकड़ी एक साथ देखने को मिले. अभी तक इस सीरीज में ब्रॉड और एंडरसन एक साथ नहीं खेले हैं. सीरीज निर्णायक मुकाम पर है तो इन दोनों का एक साथ आना काफी हद तक संभव है. वहीं क्वारंटाइन पीरियड काटने और दो कोविड-19 निगेटिव टेस्ट के बाद आर्चर टीम के साथ जुडऩे को तैयार हैं. वेस्टइंडीज की बात की जाए तो शेनोन गैब्रिएल, अल्जारी जोसेफ तीसरे मैच में भी टीम की बागडोर संभालेंगे. इनके साथ कप्तान जेसन होल्डर भी हैं जिन्होंने अभी तक इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया है.
बेन स्टोक्स सबसे बड़ा अंतर
दोनों टीमों के बीच एक बड़ा अंतर बेन स्टोक्स हैं. स्टोक्स ने दूसरे मैच में बेहतरीन ऑलराउंड खेल से इंग्लैंड को सीरीज में वापस ला दिया था. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले की दम पर मैच का रुख बदल देते हैं. ऐसा उन्होंने पहले भी कई बार किया है. विंडीज के पास ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है जो बल्ले और गेंद दोनों से मैच विजेता बने. बल्लेबाजी में इंग्लैंड स्टोक्स के अलावा कप्तान जो रूट पर निर्भर है. पिछले मैच में डोम सिब्ले ने शतक जमाया था. वह अपनी फॉर्म को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे. जोस बटलर से भी टीम को अच्छी उम्मीदें होगी.
ब्लैकवुड फॉर्म में
विंडीज टीम में जर्मेन ब्लैकवुड अच्छी फॉर्म में हैं. उन्होंने पहले मैच में टीम को जीत दिलाई थी और दूसरे मैच में भी वह दूसरी पारी में अर्धशतक जमाने में सफल रहे थे. शामराह ब्रूक्स ने भी उनका अच्छ साथ दिया था. टीम के मुख्य बल्लेबाजों में से एक शाई होप अभी तक ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके हैं. इस अहम मैच में अगर उनका बल्ला चलता है तो यह मेहमान टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. क्रेग ब्रेथवेट, रोस्टन चेज से भी टीम को रन करने की उम्मीद होगी. विंडीज के कप्तान होल्डर ने दूसरे टेस्ट मैच के बाद कहा था कि वह आखिरी मैच में अपना सबकुछ झोंक देंगे. ऐसे में मैच के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है.
टीमें इस प्रकार हैैं
इंग्लैंड : जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, डोम बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बन्र्स, जोस बटलर, जैक क्रॉले, सैम कुर्रन, ओली पोप, डोम सिब्ले, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, मार्क वुड में से.
वेस्टइंडीज (संभावित एकादश) : जेसन होल्डर (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड, क्रेग ब्रेथवेट, शामराह ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज, शाई होप, शेन डॉवरिच, अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, शेनोन गैब्रिएल.

