Site icon Buziness Bytes Hindi

जानलेवा कोरोना ने ले ली 14 संक्रमितों की जान


जानलेवा कोरोना ने ले ली 14 संक्रमितों की जान

प्रयागराज में रविवार को मिले 970 नये कोरोना मरीज

प्रयागराज। जनपद प्रयागराज में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में रविवार को थोड़ी कमी आयी और कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार से कम यानी 970 रहा। वहीं आज 14 कोरोना संक्रमितों ने जान गंवा दी। कोरोना से हो रही मौतों से लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि प्रशासन अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहा है मगर कोरोना संक्रमण को रोकने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।

रविवार को 970 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ प्रयागराज जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 71380 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 12168 हो गये हैं। आज 1544 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 58523 हो गया है। वहीं आज 14 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 689 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)

सजायाफ्ता कैदियों व विचाराधीन बंदियों को किया जायेगा रिहा

प्रदेश की जेलों में कोरोना संक्रमण फैलने पर कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति संजय यादव की अध्यक्षता में गठित हाईपावर कमेटी ने सजायाफ्ता कैदियों व विचाराधीन बंदियों की रिहाई की योजना घोषित की है। न्यायिक अधिकारियों को जेलों में जाकर इस योजना के तहत कैदियों व बंदियों को 60 दिन के पेन्डेमिक पेरोल या अंतरिम जमानत पर रिहा करने की कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। कमेटी ने महानिदेशक कारागार से उन कैदियों का डाटा मांगा है, जो कारावास पूरा करने के बाद अर्थदंड न जमा कर पाने के कारण जेल में हैं। ताकि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उनके जुर्माने का भुगतान कर उन्हें रिहा किया जा सके।

आगामी 30 मई तक बंदियों को कोर्ट में पेशी पर रोक लगाते हुए पेशी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से ही करने के निर्देश दिये गये हैं। जो कैदी पेरोल पर हैं, उनका पेरोल अगले 60 दिन के लिए बढ़ा दिया जाएगा। जो शांतिपूर्ण पेरोल के बाद समर्पण कर चुके हैं, उन्हें फिर से 60 दिन का पेरोल दिया जाएगा। जो सात साल से कम सजा के अपराध में जेल में हैं, उन्हें 60 दिन का विशेष पेरोल या अंतरिम जमानत दी जाएगी बशर्ते उनके विरुद्ध जेल में प्रतिकूल कार्यवाही न की गई हो। जो कैदी 2020-21 में या पांच साल के भीतर कभी पेरोल पर छूटे हों, उन्हें भी 60 दिन का पेन्डेमिक पेरोल दिया जाएगा। जिन कैदियों की अर्जी सरकार के समक्ष लंबित है, उस पर एक सप्ताह के भीतर 60 दिन के पेरोल पर रिहाई का फैसला लिया जाएगा।

Exit mobile version