Site icon Buziness Bytes Hindi

पूरी तरह बेईमान होने पर आमादा है देश का मौसम


पूरी तरह बेईमान होने पर आमादा है देश का मौसम

नई दिल्ली। देश का मौसम पूरी तरह बेईमान होने पर आमादा है। बादलों का मिजाज बिगडऩे वाला है और वह जमकर बरसने में देर नहीं करना चाहते। असल में भारत में मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने के बाद लगभग सभी राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। मौसम विभाग भी कह रहा है कि, अगस्त-सितंबर में भी बारिश के बेहतर रहने की ही उम्मीद है। अनुमान तो इस बात का है कि, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में तेज बारिश होती रहेगी।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा मौसम की नब्ज टटोलने वाले विभाग ने बताया है कि, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश हो सकती है। बिहार झारखंड और ओडिशा में बिजली गिरने के साथ तेज बारिश हो सकती है।

ऐसे ही महाराष्ट्र में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। सौराष्ट्र और कच्छ में तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी तेज बारिश का अलर्ट है। कुलमिलाकर खुद को सुरक्षित रखते हुए बारिश का पूरा मजा लेने को तैयार रहिये।

Exit mobile version