Site icon Buziness Bytes Hindi

थाईलैंड में 5 भारतीय गिरफ्तार, 3 भारतीयों के अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप

crime news

थाईलैंड में पांच भारतीय नागरिकों को तीन भारतीयों के अपहरण और उनकी रिहाई के बदले फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी आरोपियों को मंगलवार को बैंकॉक के क्लोंग तान इलाके के एक होटल से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे।

कौन हैं आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह (38), जगजीत सिंह (38), रामबालक कुमार (24), सुखबीर सिंह (37) और कुलरा सिंह (27) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक पाकिस्तानी नागरिक ने तीन भारतीय पर्यटकों का अपहरण करने का निर्देश दिया था।

दुबई से चल रही थी साजिश!

आरोपियों के मुताबिक, वे पिछले एक महीने से एक चैट एप्लिकेशन के जरिए उस पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थे।

जांच में सामने आया है कि कथित साजिशकर्ता दुबई में मौजूद हो सकता है और फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेने की योजना बना रहा था।

वारदात के बदले मिला था लालच

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से वादा किया गया था कि वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हें कीमती सामान, नकद पैसे और थाईलैंड छोड़ने के लिए हवाई टिकट दिया जाएगा।

40-40 लाख रुपये की मांगी थी फिरौती

जांच की शुरुआत 21 जुलाई को हुई, जब पीड़ितों के परिवार की शिकायत के बाद थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी।

आरोपियों ने अपहृत तीनों भारतीयों के परिवार से प्रत्येक व्यक्ति के लिए 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।

पुलिस ने तीनों भारतीयों को सुरक्षित बचाया

खुफिया जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पटाया की एक दो मंजिला इमारत पर छापा मारा।

वहां से 23 वर्षीय मोहित, 24 वर्षीय आशीष और 20 वर्षीय हिमांशु को सुरक्षित बचा लिया गया।

पहले भी पकड़ा जा चुका है भारतीय गैंगस्टर

इससे पहले थाईलैंड में भारतीय नागरिक साहिल चौहान को भी गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे भारत भेज दिया गया।

साहिल चौहान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का वांटेड आरोपी था और उस पर विदेश से कई सुपारी किलिंग करवाने के आरोप हैं।

Exit mobile version