Site icon Buziness Bytes Hindi

पुलिस हिरासत से रिहा हुए टेलीग्राम सीईओ डुरोव

powel

फ्रांसीसी अभियोजकों ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पावेल डुरोव को चार दिनों की पूछताछ के बाद पुलिस हिरासत से रिहा कर दिया। उनसे टेलीग्राम का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने के आरोपों पर पूछताछ की गई। पिछले महीने 12 कथित अपराधों की शुरू की गई न्यायिक जांच के तहत उन्हें शनिवार को पेरिस के बाहर ले बोर्गेट हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था।

पेरिस अभियोजक कार्यालय के एक बयान के अनुसार, जांच न्यायाधीश ने पावेल डुरोव की पुलिस हिरासत समाप्त कर दी है और उन्हें संभावित मुकदमे के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। 39 वर्षीय डुरोव के पास फ्रांस और रूस की दोहरी नागरिकता है। उन्हें शनिवार को अजरबैजान से फ्रांस पहुंचने के बाद पेरिस-ले बोर्गेट हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ अन्य आरोपों में बाल यौन शोषण सामग्री और मादक पदार्थों की तस्करी, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से जुड़े लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए मंच का उपयोग करना शामिल है।

कंपनी के प्रमुख पावेल डुरोव की पेरिस में गिरफ्तारी के बाद भारत में आईटी मंत्रालय ने नियमों के उल्लंघन के संबंध में गृह मंत्रालय से जानकारी मांगी है। हालांकि आईटी मंत्रालय द्वारा भेजे गए ई-मेल पर तत्काल कोई जवाब नहीं मिला है। फ्रांस के घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए आईटी मंत्रालय ने गृह मंत्रालय से टेलीग्राम के खिलाफ लंबित शिकायतों की जांच करने और संभावित कार्रवाई पर विचार करने को कहा है। आईटी मंत्रालय ऐसे मामलों में जांच एजेंसी नहीं है और मंत्रालय के तहत गठित सीईआरटी-इन भी साइबर अपराधों पर नहीं बल्कि साइबर सुरक्षा अपराधों पर ध्यान केंद्रित करता है।

Exit mobile version