सीरीज़ के पहले दो मैच हारने के बाद श्रंखला गंवाने वाली टीम इंडिया ने तीसरे मैच में ज़ोरदार वापसी की और बांग्लादेश को रौंदते हुए 227 रनों की विशाल जीत हासिल की. इतने विशाल अंतर की जीत के सूत्रधार कप्तान रोहित की जगह आज के मैच में उतरे ईशान किशन रहे जिन्होंने 210 रनों की धमाके पारी खेलने के साथ ही विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 290 रनों की साझेदारी निभायी। रनों के हिसाब से यह टीम इंडिया की तीसरी सबसे बड़ी जीत है. मगर यह विशाल जीत तब फीकी सी दिखती है जब श्रंखला का अंतर बांग्लादेश के पक्ष में 2-1 दिखता है. बता दें कि बांग्लादेश ने भारत को लगातार दूसरी बार अपने घर में हराया है.
हार की खुन्नस निकाल रहे थे ईशान और विराट
मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 409 रन बनाए थे. जिसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ 182 रनों पर निपट गई. टीम इंडिया की शुरुआत इसबार भी सही नहीं रही, शिखर धवन श्रंखला में एकबार फिर नाकाम रहे. पहला विकेट 15 रनों पर गिरने के बाद ईशान किशन और विराट कोहली ने बांग्लादेश के किसी भी गेंदबाज़ को नहीं बख्शा। ऐसा लग रहा कि यह दोनों बल्लेबाज़ श्रंखला हारने की नाराज़गी अपने बल्लेबाज़ी के सहारे दिखा रहे हैं. दोनों के बीच 290 रनों की विशाल साझेदारी हुई. ईशान किशन 210 रन बनाकर 36 वे ओवर में तस्कीन की गेंद पर लिटन दास के हाथों कैच आउट हुए.
तीन साल बाद ODI में आया कोहली का शतक
ईशान के अलावा विराट कोहली ने मौके का फायदा उठाया और करीब साढ़े तीन साल बाद एकदिवसीय क्रिकेट में शतक लगाया. यह विराट का 72 वां शतक है, इस तरह शतकों के मामले में कोहली अब ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग से आगे निकल चुके हैं. यह छठी बार है जब टीम इंडिया नेODI 400 का आंकड़ा पार किया हो. भारत के विशाल स्कोर का दबाव झेलना बांग्लादेश के बस की बात नही थी और वैसा ही हुआ, पूरी टीम 182 रनों पर सिमट गयी. बांग्लादेश की तरफ से एक भी अर्धशतक नहीं आया, साकिब ने सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। भारत के शार्दुल ठाकुर ने तीन और अक्षर-ुमरन ने दो दो विकेट हासिल किये.
