बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में आज से शुरू हुए पहले टेस्ट मैच का पहला दिन दोनों टीमों के लिए बराबरी का मुकाबला कहा जायेगा। टीम इंडिया ने जहाँ 278 रन बना लिए हैं वहीँ बांग्लादेश ने भारत के 6 विकटों को झटकने में सफलता हासिल की है. टीम इंडिया के लिए अभी श्रेयस अय्यर 82 रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद हैं, कल वो रवि अश्विन के साथ अपनी और भारत की पारी को आगे बढ़ाने आएंगे। भारत का यह आखरी बैटिंग पेयर होगा, इसलिए देखना होगा कि यह दोनों टीम के स्कोर को कितना आगे ले जाते हैं.
शतक से चूके पुजारा
चटोग्राम के जहुर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पिछले मैचों की तरह एकबार फिर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। 41 और 45 के स्कोर तक पहुंचने तक दोनों सलामी बल्लेबाज़ राहुल और शुभमान गिल पवेलियन लौट चुके थे. तीन रन बाद ही एक रन बनाकर विराट कोहली भी ताइजुल इस्लाम की गेंद पर विकेट के सामने पाए गए. 48 रनों पर भारत के तीन विकेट गिरने के बाद ऋषभ पंत और चेतेश्वर पुजारा ने आक्रामक और धैर्य वाली क्रिकेट का प्रदर्शन किया। हमेशा की तरह पंत ने आक्रामक रुख अपनाया और 45 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद पुजारा और श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और साथ ही विकटों के गिरने का सिलसिला भी रोका . एक समय लग रहा था कि आज यह दोनों बल्लेबाज़ नाबाद रहेंगे तभी ताइजुल ने पुजारा को बोल्ड करके और फिर दिन की अंतिम गेंद पर मेहदी हसन मिराज ने अक्षर पटेल को पगबाधा कर टीम इंडिया को दो बड़े झटके दिए औरमैच को बैलेंस में ले आये. पुजारा 10 रन से अपना शतक पूरा करने में नाकाम रहे.
ताइजुल ने झटके तीन विकेट
बांग्लादेश के ताइजुल इस्लाम ने प्रभाशाली गेंदबाज़ी की और आज गिरने वाले आधे विकेट उन्ही के नाम रहे, मिराज ने दो और इबादत हुसैन को एक विकेट हासिल हुआ. भारतीय टीम पहले टेस्ट में दो तेज़ गेंदबाज़ों और तीन स्पिनरों के साथ उतरी। पहले दिन के पिच के मिजाज़ को देखते हुए कहा जा सकता है कि स्पिनर्स अहम् किरदार निभाएंगे, इसलिए ज़रूरी है कि श्रेयस अय्यर अपनी पारी को लम्बा खींचें और अश्विन व दूसरे पुछल्ले बल्लेबाज़ उनका सहयोग करें। बता दें कि यह श्रंखला ICC टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत खेली जा रही है.

