नई दिल्ली। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एमएसएस कांड मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब तमिलनाडु के मदुरै से इसी तरह का मामला सामने आया है। मदुरै के एक प्राइवेट कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली छात्रा अपने साथ रह रही दूसरी लड़कियों की वीडियो और फोटो बनाकर अपने दोस्त को भेजती थी। पुलिस ने आरोपी छात्रा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के फोन से कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिले है। सूत्रों के मुताबिक तमिलनाडु के मदुरै के एक प्राइवेट कॉलेज में एक लड़की बीएड का कोर्स कर रही है। बीएड की ये छात्रा अन्नानगर इलाके में स्थित छात्राओं के एक हॉस्टल में रहती है। आरोप है कि ये छात्रा हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो चोरी छिपे बनाकर और उसको रिकार्ड कर अपने दोस्त को भेजती थी। जानकारी के अनुसार बीएड की इस छात्रा की गतिविधियों पर हॉस्टल की एक अन्य छात्रा को शक हो गया। उसने इसकी जानकारी हॉस्टल वार्डन को दी। छात्रा की शिकायत पर एक्टिव मोड में आई हॉस्टल की वार्डन ने छात्रा का फोन लेकर चेक करना शुरू किया। जिसके बाद वार्डन ने बीएड की इस छात्रा के फोन में जो देखा वह चौंकाने वाला था। बीएड की छात्रा के फोन में हस्टल की अन्य छात्राओं के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं।
हॉस्टल वार्डन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। रिपोर्ट के मुताबिक बीएड की इस छात्रा ने अन्य छात्राओं के बनाए आपत्तिजनक वीडियो और आपत्तिजनक फोटो अपने दोस्त अशोक को भेजे थे। 31 साल का अशोक एक क्लीनिक चलाता है। बताया जाता है कि अशोक की तीन साल पहले शादी हो चुकी है। बीएड की छात्रा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने हॉस्टल की छात्राओं की नहाते और कपड़े बदलते समय वीडियो और फोटो शूटकर अशोक को भेजती थी। बीएड की छात्रा ने जानकारी दी कि अशोक उसके ऊपर इस तरह के वीडियो और फोटो शूट करके भेजने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी छात्रा के साथ उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

