- पिछले 9 दिनों में दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचे पीएम मोदी
वाराणसी। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक विकास की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिला दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड की बनस डेरी का शिलान्यास करते हुए कहा कि भारत के डेयरी सेक्टर को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसीलिए आज बनारस काशी संकुल का शिलान्यास किया गया है।
अपने संसदीय क्षेत्र में पिछले 9 दिनों में दूसरी बार पहुंचे पीएम मोदी ने आंकडे ़बताते हुए कहा कि भारत में हर साल लगभग 8.30 लाख करोड़ रुपए का दूध उत्पादन होता है। यह राशि भारत में उत्पादन होने वाले गेहूं और चावल की कीमत से भी कहीं ज्यादा है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे यहां गाय और गोबरधन की बात करना कुछ लोगों के लिए गुनाह है। लेकिन हमारे लिए गाय माता है, पूजनीय है। पीएम ने कहा कि गाय-भैंस का मजाक उड़ाने वाले लोग भूल जाते हैं कि भारत के 8 करोड़ परिवारों की आजीविका इन्हीं पशुधन से चलती है। मेरा अटूट विश्वास है कि डेरी सेक्टर, पशुपालन, श्वेत क्रांति में नई ऊर्जा देश के किसानों की स्थिति को बदलने में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकती है।
Read also: गोवा मुक्ति दिवस की 60वीं वर्षगांठ में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
पीएम ने कहा कि भारत में छोटे किसानों की संख्या 10 करोड़ से भी अधिक है। ऐसे किसानों के लिये पशुपालन अतिरिक्त आय प्राप्त करने का बहुत बड़ा साधन बन सकता है। भारत के डेरी प्रोडक्ट के पास बड़ा विदेशी बाजार है जिसमें उनके आगे बढ़ने की बहुत संभावनाएं हैं। वहीं पशुपालन महिलाओं के आर्थिक उत्थान और उनकी उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने का बहुत बड़ा माध्यम है। जैविक खेती, प्राकृतिक खेती में हमारे पशुधन, बायोगैस का बहुत बड़ा आधार है।
पीएम मोदी ने कहा की 6-7 सालों में दूध का उत्पादन लगभग 45 प्रतिशत बढ़ गया है। भारत दुनिया का लगभग 22 प्रतिशत दूध उत्पादित करता है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य होने के साथ डेयरी सेक्टर के विस्तार में भी बहुत आगे है। पीएम मोदी ने कहा कि आज समय की मांग है कि हमें प्राकृतिक खेती की तरफ लौटना ही होना होगा।
यूपी के 75 जिलों में 23 लाख से अधिक घरौनी तैयार हो चुकी है जिनमें से 21 लाख परिवारों को आज दस्तावेज दे दिए गए हैं। आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया है वह ‘भव्य काशी-दिव्य काशी’ के अभियान को और गति देंगीं।
Read also: प्राकृतिक खेती खाद्य सुरक्षा का विकल्प : प्रधानमंत्री मोदी
विपक्षी पार्टियों पर तंज करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं जब काशी, यूपी के विकास में डबल इंजन की डबल शक्ति की बातें करता हूं तो कुछ लोगों को ज्यादा ही तकलीफ होती है। यह वे लोग हैं जिन्होंने तक देश को सिर्फ जाति, मजहब और पंथ के चश्मे से ही देखा है।

