नई दिल्ली। टी— 20 वर्ल्ड कप मुकाबले में पाकिस्तान ने आज दक्षिण अफ्रीका को 33 रन से हरा दिया है। पाकिस्तानी धारदार गेंदबाजी के आगे आज सिडनी में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ढेर हो गए। सिडनी में आज हुए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 186 रन का लक्ष्य रखा। हालांकि, बारिश के चलते दक्षिण अफ्रीका के सामने 14 ओवर में 142 रन का लक्ष्य कर दिया गया। जिसमें दक्षिण अफ्रीकी टीम 14 ओवर में नौ विकेट खोकर मात्र 108 रन बना पाई और यह मैच 33 रन से पाकिस्तान जीत गया। टी—20 टूर्नामेंट में यह दक्षिण अफ्रीका की पहली हार है।
बारिश के बाद जब मैच शुरू हुआ तो दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को पांच ओवर में 73 रन बनाने थे। लेकिन यहीं से पाकिस्तान की जीत नजर आने लगी थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपने शुरुआती नौ ओवर में चार विकेट खोकर 69 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान की धारदार गेंदबाजी के सामने अफ्रीकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पांच ओवर में अफ्रीकी टीम ने पांच विकेट खो दिए। इन पांच ओवर में अफ्रीकी टीम कुल 39 रन ही बना सकी। टूर्नामेंट में यह दक्षिण अफ्रीका की पहली हार है। टी 20 वर्ल्डकप में अफ्रीका टीम एकमात्र थी, जो कोई मैच नहीं हारी थी। अब अफ्रीका भी मैच हार चुकी है। इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाली सभी टीमें कोई न कोई मैच हार चुकी है।
आज के मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन का स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की शुरुआत में बेहद खराब थी और 43 रन के स्कोर पर टीम के चार विकेट गिर गए। इसके बाद मोहम्मद नवाज और इफ्तिखार अहमद ने पाकिस्तानी पारी को संभाला। शादाब खान ने इफ्तिखार के साथ बेहतरीन साझेदारी कर पाकिस्तान का स्कोर 185 रन तक पहुंचाया।
जब दक्षिण अफ्रीका की टीम बल्लेबाजी के लिए आई तो 101 रन के स्कोर पर उसके सात बल्लेबाज आउट हो गए। पाकिस्तान की जीत लगभग तय नजर आ रही थी। ट्रिस्टन स्टब्स के रूप में दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका लगा। नसीम शाह की गेंद पर मोहम्मद नवाज ने उनका कैच पकड़ा। ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 गेंद में 18 रन बनाए।
इससे पहले 99 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट गिर चुके थे। वेन पार्नेल तीन रन बनाकर मोहम्मद वसीम जूनियर का शिकार हुए। वह एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए मैच बहुत मुश्किल हो गया। 12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर जब छह विकेट पर 99 रन था और जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका को आखिरी दो ओवरों में 43 रन की जरूरत है, लेकिन टीम में स्टब्स के अलावा कोई विशेषज्ञ बल्लेबाज नहीं बचा था।

