बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर जो अक्सर बीजेपी सरकार के खिलाफ बोलने के लिए मीडिया की सुर्खियों में बनी रहती हैं, अब उन्होंने अयोध्या में भाजपा की हार पर चुटकी ली है। एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “”श्री राम का नाम बदनाम करने वालों को, उनके नाम पर पाप करने वालों को जय सिया राम।” अपने ट्वीट के साथ स्वरा ने दो तस्वीरें भी साझा कि जिनमें से एक में फिल्म का सीन लगा हुआ था और दूसरे में बीजेपी के अयोध्या सीट से हारने की बात लिखी थी।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में बीजेपी को कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। इन सीटों में फैजाबाद की सीट से बीजेपी का हारना चौकाने वाला रहा क्योंकि इस सीट के अंदर अयोध्या क्षेत्र आता है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराने के बावजूद बीजेपी के सांसद हार गए और सपा के अवधेश प्रसाद जीते हैं। अयोध्या में बीजेपी की हार पर ही स्वरा भास्कर ने मजाक उड़ाया है। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में, स्वरा ने कहा कि भारत के लोगों ने नफरत, अहंकार और भ्रष्टाचार को हरा दिया है। उन्होंने कहा था कि टाइटैनिक डूबने वाला नहीं था! और फिर एक दिन यह डूब गया!
बता दें कि स्वरा भास्कर बड़े मुखर अपनी बात कहे जाने के लिए जानी जाती हैं, विभिन्न राजनीतिक और अन्य मुद्दों पर स्वरा अपने विचार और राय व्यक्त करने से कभी नहीं कतराती हैं। स्वरा ने 2023 में सामाजिक कार्यकर्ता और सपा नेता फहाद अहमद के साथ शादी की और वह एक बेटी के पेरेंट्स हैं।

