- क्रिकेट के आधुनिक संस्करण में सट्टेबाजों ने भी अपनी शैली में किया परिवर्तन
- अब तक पुलिस को डक करने वाले सट्टेबाज खुलकर मार रहे चोक्का-छक्का
मेरठ। फटाफट क्रिकेट के जमाने में जहां बल्लेबाजी करने की शैली में परिवर्तन आया है वहीं सट्टेबाजों ने भी अपनी खेलने की शैली में परिवर्तन किया है। किसी जमाने में लैंडलाइन फोन पर सट्टेबाजी की जाती थी, फिर मोबाइल का जमाना आया। मगर दोनों में ही सट्टेबाजों को सर्विलांस टीम की धारदार गेंदबाजी से बचकर रहना पड़ता था।
न जाने कहां से सर्विलांस टीम नंबर ट्रेस कर यार्कर गेंद फेंक कर क्लीनबोल्ड कर दे या सर्विलांस की बाउंसर उन्हें बीच मैदान पर घायल कर दे। मगर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी वाले आईपीएल में सट्टेबाजों ने भी आक्रमक रूख अख्तियार कर लिया है। अब वह भी लाॅंग हैंडिल से बल्लेबाजी कर गेंद को बिना फिल्डर यानी सर्विलांस टीम की जद में आयेे बाउंड्री के पार पहुंचा रहे हैं।
जी हां, आईपीएल की तैयारियों के साथ ही सट्टेबाजों ने भी बिन खेले क्रिकेट मैदान पर धुआंधार बल्लेबाजी करने की तैयारी कर ली है। इस बार खिलाड़ियों और स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को कोविड-19 संक्रमण से बचाने के लिये आईपीएल के मैच दर्शकों से खाली स्टेडियम में हो रहे हैं। वहीं सट्टेबाजों ने भी सर्विलांस टीम से बचने के लिये लैंडलाइन फोन या मोबाइल काॅल का इस्तेमाल करने दूरी बना ली है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक अब सट्टेबाजों ने भी तकनीक का सहारा लेते हुए इंटरनेट काॅलिग का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। बताया गया कि लैंडलाइन फोन और मोबाइल काॅल को पुलिस की सर्विलांस टीम ट्रेस कर लेती थी। जिसके चलते उनको पकड़ पाना आसान हो जाता था। मगर इंटरनेट काॅलिंग के माध्यम से की जाने वाली काॅल को ट्रेस करना बेहद मुश्किल या कहें लगभग असंभव होता है। क्योंकि ऐप्स के माध्यम से की जाने वाली इंटरनेट काॅलिंग का एक्सचेंज भारत में न होने के कारण उनको ट्रेस करना बेहद मुश्किल होता है। वहीं सिम का इंटरनेट ऑफ करने के बाद वाई-फाई के माध्यम से व्हाट्सऐप और फेसबुक मैसेंजर काॅल करने पर भी काॅलर तक पहुंचना मुश्किल होता है।
सर्विलांस टीम भी घातक गेंदबाजी करने को है तैयार
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सर्विलांस टीम ने भी सट्टेबाजों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का जवाब स्पिन गेंदबाजी से देने की तैयारी कर ली है। यानी अब सट्टेबाजों तक गेंद सीधी नहीं पहुंचेगी बल्कि वह ठप्पा कहीं और खायेगी मगर स्पिन के जरिये गिल्लियां सट्टेबाजों की ले उड़ेगी। और सर्विलांस टीम के यह घातक स्पिनर होंगे हैकर्स।
जी हां, अघोषित तौर पर पुलिस इन हैकर्स की मदद से इंटरनेट काॅल के जरिये सट्टेबाजों तक पहुंचेगी। हालांकि कानूनन वह हैकर्स का सहारा नहीं ले सकते मगर कांटे को कांटे से निकालने की ठान चुकी पुलिस हैकर्स की एक टीम तैयार कर चुकी है। जिस प्रकार सट्टेबाज इंटरनेट काॅलिंग से सर्विलांस टीम को धोखा दे रहे हैं उसी प्रकार पुलिस की मदद करने वाले हैकर्स टेक्नोलाॅजी और अपने खुराफाती दिमाग के जरिये इन सट्टेबाजोें तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
अब आईपीएल -13 के विजेता की तरह पुलिस की सर्विलांस टीम और सट्टेबाजों में चल रहे मैच में जीत किसकी होगी यह कह पाना अभी मुश्किल है। मगर यह तय है कि मैच रोमांचक होंगे और आखिरी गेंद तक दोनों ही टीमों की सांसे थमी रहेंगी।

