Site icon Buziness Bytes Hindi

इंटरनेशनल सेलिब्रिटियों का समर्थन सौभाग्य की बात: राकेश टिकैत


इंटरनेशनल सेलिब्रिटियों का समर्थन सौभाग्य की बात: राकेश टिकैत

नई दिल्ली: किसान आंदोलन के समर्थन पर रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग सहित अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के ट्वीट पर राकेश टिकैत ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, “किसानों के आंदोलन का समर्थन करने वाले हॉलीवुड कलाकारों में कोई बुराई नहीं है, मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी अपेक्षा के समर्थन कर रहे हैं। अगर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें धन्यवाद दिया है तो किसान यूनियन भी ऐसा ही करेगी।”

विदेशी हस्तियों ने किया था ट्वीट
कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन कर रहे किसान संगठनों के समर्थन में कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और हस्तियों ने ट्वीट किया था। जिसमें अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना, स्वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, मिया खलीफा, मिना हैरिस सहित कई नाम शामिल हैं। इन हस्तियों ने भारत सरकार द्वारा आंदोलन क्षेत्र से इंटरनेट सुविधा को बंद करने की आलोचना की है।

6 फरवरी को होगा चक्का जाम
पत्रकारों से बात करते हुए राकेश टिकैत ने कहा, “6 फरवरी को तीन घंटे का ‘चक्का जाम’ होगा। यह दिल्ली में नहीं बल्कि दिल्ली के बाहर हर जगह होगा। इसमें फंसे लोगों को खाना और पानी दिया जाएगा। हम उन्हें बताएंगे कि सरकार हमारे साथ क्या कर रही है।”

समर्थन सौभाग्य की बात
इंटरनेशनल सेलिब्रिटियों द्वारा दिए समर्थन पर संयुक्त किसान संगठन ने इसे सौभाग्य की बात बताया है। किसान नेता दर्शन पाल ने कहा, “संयुक्त किसान मोर्चा भारत में चल रहे किसान आंदोलन के प्रति अंतर्राष्ट्रीय व्यक्तित्वों के समर्थन को स्वीकार करता है। एक तरफ, यह गर्व की बात है कि प्रख्यात व्यक्ति किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखा रहे हैं।”

Exit mobile version