Supporters Came To Meet Lalu: पटना। हरे रंग की भैंस और उसके साथ हरे रंग में रंगे तीन युवकों में एक गले में लालटेन लटकाकर उस पर बैठा। जबकि दो भैस की रस्सी लेकर आगे चल रहे थे। ये लोग जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के आवास पर पहुंचे तो सभी इनको देख चकित हो गए। इन्होंने कहा कि वो अपने भगवान लालू प्रसाद यादव से मिलने आए हैं। उनको भगवान के दर्शन कराओ। बता दें कि लालू प्रसाद यादव के जेल से बाहर आते ही बिहार में उनके समर्थकों का हौसला बढ़ गया है।
आज शुक्रवार को राबड़ी देवी के आवास 10 सर्कुलर रोड पर खूब चहल पहल दिखाई दी। इन सब के बीच लालू को भगवान मानने वाले तीन समर्थकों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। खुद के साथ भैंस को राजद के हरे रंग में रंग ये तीनों लालू समर्थक अपने शरीर पर लालू-राबड़ी जिंदाबाद, राजद जिंदाबाद के नारे लिखकर पहुंचे। भैंस के शरीर पर भी नारे लिखे थे। भैंस पर चढ़े लालू समर्थकों का ये रूप देख लोग हंसे बिना नहीं रह सके। ये तीनों समर्थक लालू प्रसाद को कभी भगवान तो कभी दादा बताते वहीं तेजस्वी को अपना पिता बता रहे थे।
Also Read : Yasin Malik Case :अलगाववादी यासीन मलिक को मिली उम्रकैद
राज्यसभा के लिए नामांकन को लेकर आवास के बाहर जमावड़ा था। इसी बीच हरे रंग से पुती भैंस के साथ आते तीन लोगों ने सबका ध्यान आकृष्ट किया। दो ने भैंस की डोर पकड़ रखी थी, दूसरा हेल्मेट पहने और और गले में लालटेन लटकाए भैंस पर बैठा था। तीनों ने कहा कि वे अपने भगवान लालू से मिलने आए हैं। तीनों ही वैशाली के महुआ गांव से आए थे। भैंस पर बैठे समर्थक ने कहा कि दादाजी तीन-चार महीने बाद आए हैं। 2024 के चुनाव के चलते ही दादा लालू प्रसाद, पिता तेजस्वी यादव और बुआ हेमा के ठिकानों पर सीबीआइ के छापे पड़ रहे हैं। मोदी सरकार बौखलाहट में ऐसा कर रही है। एक बार फिर नीतीश कुमार के साथ जाने की बात पर उन्होंने कहा कि ये तो दादा तय करेंगे। समर्थक ने कहा कि वह लालू के प्रति आस्था रखते हैं। जरूरत पड़ी तो उनको दोनों किडनी भी दे देंगे।
